पंजाब: मान सरकार 10 मार्च को बजट पेश करेगी, होंगी कई अहम घोषणा
पंजाब की मान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद बजट सेशन की तैयारी शुरू कर दी है। मान सरकार 10 मार्च को बजट पेश करेगी

पंजाब की मान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद बजट सेशन की तैयारी शुरू कर दी है। मंत्री अपने-अपने स्तर पर बजट के लिए मंथन करने में जुटे हैं। मान सरकार 10 मार्च को बजट पेश करेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरान पंजाब सरकार राज्य की महिला-युवतियों के बैंक खातों में 1-1 हजार रुपए जमा कराने के अपने वादे को भी पूरा कर सकती है।
पंजाब सरकार इस बजट सत्र में महिला-युवतियों को 1-1 हजार रुपए के वादे के अलावा राज्य के कई विकास कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कर सकती है। हालांकि इससे पहले कैबिनेट मंत्री मीटिंग कर बनाए गए रोड मैप पर दोबारा चर्चा कर सकते हैं। CM मान अगले सालों के लिए इस बार के बजट सेशन को अहम मान रहे हैं। वहीं विपक्षी दल भी पंजाब सरकार पर लगातार खजाना खाली होने के दावे कर लोगों को गुमराह करने के आरोप लगाते रहे हैं।
सरकार का बजट सत्र पर फोकस
गौरतलब है कि गवर्नर बीएल पुरोहित द्वारा पंजाब सरकार को 3 मार्च के बजट सेशन की मंजूरी नहीं देने के विरोध में राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पिटीशन लगाई थी। सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि विधानसभा सत्र में देरी नहीं की जा सकती। पंजाब सरकार को भी गवर्नर को जानकारी देने को बाध्य बताया। इस पर CM पंजाब भगवंत मान ने ट्वीट कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का धन्यवाद किया है। बहरहाल, राज्य सरकार और गवर्नर के विवादों के बाद पंजाब सरकार अब बजट सत्र पर फोकस कर रही है, ताकि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए संभव घोषणाएं की जा सकें।
सरकार के अनुसार लगेगा बजट सेशन
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पंजाब की मान सरकार के लिए अब भविष्य की चिंता दूर हो गई है। क्योंकि जब कभी भी प्रदेश सरकार को विधानसभा सेशन बुलाने की अनिवार्यता महसूस होगी, वह कार्यवाही कर सकेगी। हालांकि गवर्नर के पूछने पर राज्य सरकार को उन्हें जवाब देना होगा, लेकिन सेशन की कार्यवाही को नहीं रोका जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications