Jharkhand: दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो का श्राद्धकर्म आज, CM हेमंत सोरेन सहित कई मंत्री होंगे शामिल
दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो का आज यानी मंगलवार को उनके पैतृक गांव अलारगो में द्वादश श्राद्धकर्म है. द्वादश श्राद्धकर्म में शामिल होने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक पहुंचेंगे।

झारखंड के मंत्री रहे दिवंगत जगरनाथ महतो के द्वादश श्राद्ध कर्म में कम से कम 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। श्राद्धकर्म में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कैबिनेट मंत्री और विधायक पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से स्वर्गीय जगरनाथ महतो के गांव जाएंगे। इसके लिए सिमराकुल्ही में हैलीपेड बनाया गया है। श्राद्धकर्म में भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना के बीच सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है।
6 अप्रैल को इलाज के दौरान हुआ था निधन
झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा मद्य निषेध विभाग के मंत्री रहे जगरनाथ महतो का 6 अप्रैल को चेन्नई में इलाज के दौरान निधन हो गया था। 7 अप्रैल को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव अलारगो में किया गया। अंतिम संस्कार में भी मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री सहित कई विधायक-सांसद शामिल हुए थे। इधर, श्राद्धकर्म में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। श्राद्धकर्म की तैयारी के लिए हुई बैठक में कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल, उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक चंदन झा, डीडीसी कार्तिश्री, एसडीपीओ सतीशचंद्र झा, चास एसडीपीओ पुरुषोत्तम और चंद्रपुरा बीडीओ रेणुबाला सहित कई लोग शामिल होंगे।
श्राद्धकर्म में हजारों लोगों के आने की संभावना
बताया जा रहा है कि दिवंगत शिक्षा मंत्री के द्वादश श्राद्धकर्म में हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, रांची और गिरिडीह सहित आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। स्वर्गीय जगरनाथ महतो की पहचान एक जनप्रिय नेता के रूप में रही थी। वे बोकारो के डुमरी विधानसभा सीट से विधायक थे। कोरोना महामारी के दौरान संक्रमित होने की वजह से उनका फेफड़ा खराब हो गया था। उनका लंग्स ट्रांसप्लांट हुआ था। चिकित्सकों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी लेकिन वे लगातार विभागीय कामकाज और जनता के बीच सक्रिय थे।












Click it and Unblock the Notifications