Kejriwal Ki 10 Guarantees: MCD चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने दीं ये 10 गारंटियां, जानिए अभी
aam aadmi party news today : आज ''आप'' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 10 गारंटी जारी करते हुए कहा कि मैं दिल्ली के लोगों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि जैसे पिछली बार हमने जितनी गारंटी दी थी, उन सब पर काम चल रहा है। कई गारंटी पूरी कर चुके हैं और कई गारंटियों पर काम चल रहा है। ऐसे ही हम एमसीडी में दी गई 10 गारंटियों को अगले चुनाव से पहले पूरा करेंगे।

पहली गारंटी- दिल्ली को हम सुंदर बनाएंगे। चारों तरफ कूड़ा-कचरा और कूड़े का पहाड़ देखकर बहुत दुख होता है। चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा है और नालियां कीचड़ से भरी पड़ी हैं। दिल्ली को साफ और सुंदर बनाएंगे। खुद के लिए भी गर्व की बात होगी। सब लोग साफ-सुथरी सड़कों पर चलेंगे, मन लगेगा और बाहर से भी कोई आएगा, तो कहेगा कि अब दिल्ली सुंदर शहर हो गया है। इसके अंतर्गत सबसे पहले हम दिल्ली के तीनों कूड़े के पहाड़ खत्म करेंगे। दूसरा, इन लोगों ने कई प्लानिंग कर रखी है। कोई कह रहा है कि 16 नए कूड़े के पहाड़ बनेंगे, कोई कह रहा है कि 20 या 25 बनेंगे। क्योंकि जो मौजूदा तीनों कूड़े के पहाड़ हैं, उन पर कूड़ा डालने में दिक्कत हो रही है, वे असुरक्षित हो गए हैं। वो गिर सकते हैं। इसलिए ये अब लैंडफिल साइट्स के लिए नई-नई जगह ढूंढ रहे हैं। मैं दिल्ली के लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि तीनों कूड़े के पहाड़ों को खत्म करेंगे और दिल्ली के अंदर कोई नया लैंडफिल साइट नहीं बनने देंगे। कूड़े का निस्तारण कोई राकेट-साइंस नहीं है। पूरी दुनिया कूड़े का निस्तारण कर रही है। हम लंदन, पेरिस, टोक्यो से विशेषज्ञ बुलाएंगे। जैसे दुनिया के बाकी शहर अपने कूड़े का निस्तारण कर रहे हैं, हम भी उनकी तरह कूड़े का निस्तारण करेंगे। केवल अच्छी नीयत होनी चाहिए, लेकिन इनकी नीयत खराब है। अपने जूझरू और मेहनती सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर हम दिल्ली की सड़कों और गलियां की साफ-सफाई करेंगे। अभी ये बहुत गंदी रहती हैं।
दूसरी गारंटी- एमसीडी भ्रष्टाचार मुक्त होगी। विशेषकर एमसीडी के बिल्डिंग डिपार्टमेंट में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार होता है। जितनी नई बिल्डिंग और मकान के नक्शे पास किए जाते हैं, उनकी प्रक्रिया को बेहद सरल बनाएंगे और नक्शे पास करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन करेंगे, ताकि लोगों को कम से कम हस्तक्षेप का सामना करना पड़े। जैसे हमने दिल्ली के विभागों में किया है। हमने कई सारे विभागों को बंद कर दिया है। उन विभागों में अब सबकुछ ऑनलाइन काम होता है। अब आपको किसी दलाल और अफसर के चक्कर नहीं काटने हैं। घर बैठे सारा काम हो जाता है। ऐसे ही नई बिल्डिंग और मकान बनाने की प्रक्रिया को बेहद सरल किया जाएगा। हम जानते हैं कि अभी दिल्ली में कोई भी नई बिल्डिंग बनती है, तो प्रति लेंटर पर पैसे देने पड़ते हैं। अब ये बंद होगा। अब कोई पैसे नहीं लेगा और पैसे लेगा, तो जेल जाएगा। जब परिवार बड़ा हो जाता है, तो कुछ अतिक्रमण कर लेते हैं। जैसे, किसी से छज्जा आगे कर लिया। इस पर फिर ये लोग महीना बाध लेते हैं। ब्लैकमेलिंग करते हैं और उसको तोड़ने के लिए पहुंच जाते हैं। एमसीडी में सरकार बनाने पर हम एक पॉलिसी स्कीम लाएंगे। लोगों ने जो छोटे-मोटे अतिक्रमण किए हैं, उनको नियमित करने के लिए एकमुश्त फीस या पेनल्टी ले लेंगे और वो नियमित हो जाएगा, ताकि जनता को ब्लैकमेलिंग का शिकार न होना पड़े।
तीसरी गारंटी- दिल्ली में पार्किंग की बहुत समस्या हैं। हम पार्किंग की समस्या से दिल्ली को मुक्ति दिलाएंगे। इसका स्थाई और व्यवहारिक सामाधान निकाला जाएगा।
चौथी गारंटी- आवरा पशुओं से मुक्ति दिलाएंगे। इसमें आवारा कुत्ते हैं, गाय हैं, बंदर हैं। इनकी समस्या से दिल्ली को निजात दिलाई जाएगी।
पांचवीं गारंटी- नगर निगम की सभी सड़कें और गलियां टूटी हुई हैं, उन सारी सड़कों और गलियों को ठीक कराएंगे। उनकी मरम्मत या दोबारा बनवाएंगे।
छठीं गारंटी- नगर निगम की स्कूलों, अस्पतालों और डिस्पेंसरी की भी बहुत बुरी हालत है। हमने दिल्ली सरकार के सारे स्कूल और अस्पताल अच्छे कर दिए हैं। उसी तर्ज पर हम दिल्ली नगर निगम के स्कूल और अस्पतालों को भी शानदार बनाएंगे।
सातवीं गारंटी- नगर निगम के सभी पार्कों का बहुत बुरा हाल है। दिल्ली के सारे पार्कों को शानदार बनाएंगे और मेरा सपना है कि दिल्ली को पार्कों की नगरी बनाया जाएगा। दिल्ली को सुंदर व साफ-सुथरी पार्कों की नगरी बनाया जाएगा।
आठवीं गारंटी- सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा। अभी कई-कई महीने तक कर्मचारियों को सैलरी नहीं मिलती है। लेकिन हमारी सरकार बनने के बाद हर महीने की 7 तारीख से पहले से कर्मचारियों के खाते में सैलरी पहुंच जाएगी। मैं चाहे कहीं से भी पैसे लाउं, लेकिन मेरी यह गारंटी है कि हर कर्मचारी को समय पर सैलरी मिलनी चालू हो जाएगी।
नौवीं गारंटी- एमसीडी से दिल्ली के व्यापारी बहुत दुखी हैं। मैं खासकर व्यापारियों से कहना चाहता हूं कि आपको लाइसेंस लेने पड़ते हैं, तो उसमें पैसे देने पड़ते हैं और धक्के अलग से खाने पड़ते हैं। लाइसेंस लेने की पूरी प्रक्रिया को हम बहुत ही सरल और ऑनलाइन कर देंगे कि आपको ऑटोमैटिकली लाइसेंस मिलने चालू हो जाएंगे। व्यापारियों से कन्वर्जन फीस और पार्किंग फीस के नाम पर पैसे वसूले गए। हम कन्वर्जन और पार्किंग फीस को खत्म कर देंगे। एमसीडी में इंस्पेक्टर राज को खत्म किया जाएगा और जितनी दुकानें सील की गई हैं, उन दुकानों को खोला जाएगा। इसके अलावा भी व्यापारियों की बहुत सारी समस्याएं हैं। मैं पूरे व्यापारी समाज से कहना चाहता हूं कि आप चिंता मत कीजिए। मुझ पर भरोसा कीजिए, हम व्यापार करने का अच्छा माहौल देंगे।
दसवीं गारंटी- रेहड़ी-पटरी वालों को बहुत दिक्कत होती है। एमसीडी के लोग उनको बहुत परेशान करते हैं। उनके लिए वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। दिल्ली सरकार ने तो यह पॉलिसी दो-तीन साल पहले बना दी थी, लेकिन एमसीडी ने उसको लागू नहीं किया। हम साफ-सुथरी वेंडिंग्स जोन बनाएंगे, रेहड़ी-पटरी वालों को लाइसेंस देंगे और उनको भी भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाएंगे। उनसे कोई पैसे की वसूली नहीं होगी। उनको कानूनी तौर पर जिंदगी जीने का अधिकार देंगे।












Click it and Unblock the Notifications