देवेंद्र फडणवीस को केसीआर का करारा जवाब, कहा, 'भारत का नागरिक हूं, मेरे पास हर राज्य में काम है'
CM केसीआर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस में अगर हिम्मत हैं तो तेलंगाना के कल्याण और विकास के मॉडल को अपने राज्य में लागू करें।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की हाल की टिप्पणी पर तीखा पलटवार करते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि वो भारत के नागरिक हैं और हर राज्य में जनता के हित के लिए काम करना चाहते हैं। आपको बता दें कि देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि महाराष्ट्र में आखिर तेलंगाना के मुख्यमंत्री का क्या काम है।
सीएम केसीआर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस में अगर हिम्मत हैं तो तेलंगाना के कल्याण और विकास के मॉडल को अपने राज्य में लागू करें। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार किसानों को 24 घंटे मुफ्त बिजली और पानी की आपूर्ति लागू करे, प्रति एकड़ 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता दे और 5 लाख रुपये के बीमा कवरेज भी प्रदान करे।
केसीआर ने कहा कि वो चाहते हैं कि महाराष्ट्र सरकार किसानों से उनकी फसल की खरीद करे। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार ने दलितों के उत्थान के लिए दलित बंधु को लागू करने के अलावा राज्य भर में 7,000 से अधिक खरीद केंद्रों की स्थापना करके तेलंगाना में किसानों से उपज प्राप्त की है।
रविवार को कंधार लोहा में भारी भीड़ से तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सीएम केसीआर ने कहा, 'देवेंद्र फडणवीस जी, मुझे आश्वासन दें और इन कार्यों को अंजाम दें, तो मैं महाराष्ट्र आना बंद कर दूंगा, ऐसा नहीं करने पर मैं राज्य का दौरा जारी रखूंगा। मैंने नांदेड़ के रास्ते में बड़े पैमाने पर सूखी जमीन देखी है। ये हाल तब है, जब गोदावरी नदी और कृष्णा नदी महाराष्ट्र से उत्पन्न हुई हैं।'
सीएम केसीआर ने कहा कि यहां के किसान कृषि के लिए पानी और बिजली की भारी कमी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना आठ साल पहले महाराष्ट्र की तुलना में बहुत पिछड़ा था और पानी और बिजली की भारी कमी के कारण किसान आत्महत्या कर रहे थे। लेकिन, कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन और पानी और बिजली की प्रचुर आपूर्ति के कारण, तेलंगाना में कृषक समुदाय अब खुश है।












Click it and Unblock the Notifications