Jharkhand: जमशेदपुर से कोलकाता और भुवनेश्वर से लिए शुरू हुई फ्लाइट, सीएम सोरेन ने दिखाई हरी झंडी
13 साल बाद जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से आज पहली उड़ान शुरू हुई। यह उड़ान कोलकाता के लिए थी, जिसे सीएम हेमंत सोरेन ने रवाना किया।

13 साल बाद जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से आज पहली उड़ान शुरू हुई। यह उड़ान कोलकाता के लिए थी, जिसे सीएम हेमंत सोरेन ने रवाना किया। इस दौरान केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जनरल वीके सिंह वर्चुअली मौजूद थे। वहीं सीएम हेमंत सोरेन के साथ मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, टाटा स्टील के पदाधिकारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम ने राज्य के कॉमर्शियल पायलट ट्रेनिंग सेंटर की रखी बात
मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि हवाई यातायात के क्षेत्र में जमशेदपुर से एक नयी पहल की जा रही है। धन्यवाद नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को, जिनसे इस संबंध में कई बार चलते-चलते बात हुई। आज उसी चलते-चलते हुए बात को हकीकत में बदलते देख रहे हैं। इस मौके पर कुछ पुरानी बातों को याद दिलाना चाहूंगा। अतीत से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। आज जो सफल हुआ है, उसकी पहल पहले भी हुई है, लेकिन वह किसी कारण से सफल नहीं हो पाया। राज्य सरकार यातायात के साधनों के लिए काम कर रही है। संसाधनों को दुरूस्त कर रही है। साहेबगंज में भी एयरपोर्ट प्रस्तावित है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों को संबोधित कर कहा कि हमने कॉमर्शियल पायलट ट्रेनिंग सेंटर अपने नागर विमानन विभाग के तहत शुरू किया है। डीजीसीए से कुछ अनुमति की जरूरत है। अगर वह मिल जाता है तो हम इस क्षेत्र में और भी बेहतर कर सकते हैं।
कोलकाता के लिए भरी उड़ान
सीएम हेमंत सोरेन ने कोलकाता के लिए पहली उड़ान को रवाना किया। इंडिया वन एयर कंपनी की नौ सीटर प्लेन ने उड़ान भरी। इस उड़ान की पहली टिकट जमशेदपुर के फहद ने खरीदी है। आज से शुरू हुई उड़ान को लेकर डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन के अनुमति दी है। कोलकाता के लिए 14 फरवरी और भुवनेश्वर के लिए 25 मार्च तक की अनुमति दी गयी है। कोलकाता का किराया 1999 रुपये और भुवनेश्वर का किराया 2999 रुपये रखा गया है। यात्रियों के रेस्पांस को देखते हुए डीजीसीए आगे उड़ान जारी करने की अनुमति दे सकता है।
यात्रियों के अभाव में बंद हुआ था उड़ान
जमशेदपुर एयरपोर्ट से दशक पहले विमान सेवा शुरू की गयी थी। तब किंगफिशर का 25 सीटर एटीआर प्लेन उड़ान भरता था। किंगफिशर जमशेदपुर से कोलकाता और नयी दिल्ली के लिए उड़ान की सुविधा देता था। यह हर दिन की उड़ान थी। पर यात्रियों के अभाव में यह सेवा बंद करनी पड़ी थी। अब एक बार फिर से उड़ान शुरू होने से उम्मीदें जगी हैं।
उड़ान का शेड्यूल
भुवनेश्वर से प्रस्थान सुबह 6.30 बजे
जमशेदपुर आगमन सुबह 7.50 बजे
जमशेदपुर से प्रस्थान : सुबह 8.15 बजे
कोलकाता आगमन : सुबह 9.20 बजे
कोलकाता से प्रस्थान : सुबह 10.10 बजे
जमशेदपुर आगमन : सुबह 11.15 बजे
जमशेदपुर से प्रस्थान : दोपहर 12.45 बजे
भुवनेश्वर आगमन : दोहपर 2.05 बजे












Click it and Unblock the Notifications