Rajasthan: जयपुर में 'गांधी वाटिका' का उद्घाटन, खड़गे, CM गहलोत, राहुल गांधी और 200 प्रख्यात गांधीवादी पहुंचे
राजस्थान की राजधानी जयपुर के सेंट्रल पार्क में गांधी वाटिका का उद्घाटन किया गया। जिसमें राजस्थान के सीएम व कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, सीताराम येचुरी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। गांधी वाटिका के उद्घाटन के मौके पर सीएम गहलोत ने केंद्र की बीजेपी सरकार का नाम लिए बिना कहा कि वर्तमान में परिस्थितियां कुछ ऐसी हैं, जिसमें गांधी का दर्शन महत्वपूर्ण है। सीएम ने कहा कि ऐसे में राजस्थान ने महात्मा गांधी के विचारों व मूल्यों से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में ये पहल की है।
जयपुर के सेंट्रल पार्क में इस हफ्ते शनिवार (23 सितंबर) को गांधी वाटिका का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर देशभर से करीब 200 से अधिक प्रख्यात गांधीवादी पहुंचे। मंच से संबोधित करते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि गांधी जी के विचारों को लोगों को तक सजीव रूप में पहुंचाने के लिए गांधी वाटिका जनता को समर्पित की जा रही है।

वाटिका के उद्घाटन के मौके पर राहुल गांधी, सीएम गहलोत, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा राज्यसभा सांसद के.सी. वेणुगोपाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, गांधी पीस फाउंडेशन के अध्यक्ष कुमार प्रशांत, पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा सहित मंत्रिपरिषद् के सदस्य, कांग्रेस विधायक समेत समेत अधिकारीगण मौजूद रहे।
गांधी वाटिका उद्घाटन के अवसर पर आयोजित प्रार्थना सभा के बाद कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे गांधीजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में भी इसी तरह के प्रयास किए जाने चाहिए। खड़गे ने बीजेपी का नाम लिए बिना कहा कि वर्तमान में वैश्विक स्तर पर लोकतंत्र पर प्रहार हो रहे हैं। ऐसे में सभी को मिलकर गांधीजी के आदर्शों को जीवित रखना होगा।
वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि गांधीजी ने मानव को जीवन जीने का एक तरीका सिखाया। जहां सम्मान और शांति के साथ हर नागरिक के विकास में भागी। जीवन में भय का स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा की महात्मा गांधी से युवा पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए। राहुल गांधी ने महात्मा गांधीजी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा गौरवशाली भारत के निर्माण के लिए बताए गए मार्ग पर चलने की आवश्यता बताई। उन्होंने देश के कोने-कोने से आए गांधी विचारकों का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रपिता की विरासत को संरक्षित करेगी गांधी वाटिका
जयपुर के सेंट्रल पार्क में गांधी वाटिका का निर्माण 85 करोड़ रुपए की लागत किया गया है। इसे बाकायदा गांधीवादी विचारकों की समिति के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। वाटिका के ग्राउंड फ्लोर पर अंग्रेजों के भारत आगमन से लेकर गांधीजी के दक्षिण अफ्रीका प्रवास तक के समय को 5 हिस्सों में दिखाया गया है। जबकि प्रथम तल पर गांधीजी के भारत में अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलनों एवं उनके दर्शन को प्रदर्शित किया गया है। द्वितीय तल पर विशेष पुस्तकालय, सेमिनार हॉल एवं कॉन्फ्रेंस कक्ष निर्मित किए गए हैं। कॉन्फ्रेंस कक्ष को तीन खंडों में बांटा गया है। जिसमें 'राजस्थान ने पकड़ी गांधी की राह', 'गांधी: अपने आइने में मैं' और 'गांधीजी के सपनों का संसार' शामिल हैं। इसके अलावा वाटिका में वाटिका में 14 हजार पेड़-पौधे लगाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications