जांच एजेंसियों के पास कुछ सूचना होगी जिसके आधार पर जयंत पाटिल को तलब किया गया: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री
एक अधिकारी ने कहा कि राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख पाटिल से प्रवर्तन निदेशालय द्वारा यहां धन शोधन मामले में पूछताछ की गई है।

एक अधिकारी ने कहा कि राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख पाटिल से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा यहां धन शोधन मामले में पूछताछ की गई है। यह मामला दिवालिया हो चुकी वित्तीय सेवा फर्म आईएलएंडएफएस में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है।
गृह विभाग का कार्यभार संभाल रहे फडणवीस ने कहा, ''जयंत पाटिल ने अगर कुछ (गलत) नहीं किया है तो डरने की जरूरत नहीं है। केंद्रीय एजेंसियां या राज्य एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। जांच एजेंसियों के पास उनके खिलाफ कुछ सूचनाएं होंगी या कोई मामला हो सकता है, जिसके आधार पर उन्हें तलब किया गया होगा।''
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की जरूरत नहीं है क्योंकि ईडी या केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) स्वायत्त एजेंसियां हैं।
उन्होंने कहा, ''मैं पाटिल को लंबे समय से जानता हूं। मुझे लगता है कि अगर उन्हें नोटिस (ईडी द्वारा) दिया गया है, तो कुछ वजह रही होगी। पाटिल को जाकर स्पष्टीकरण देना चाहिए। अगर ईडी को लगता है कि पाटिल के खिलाफ कुछ नहीं है तो उन्हें छोड़ दिया जाएगा। मैं इसके पीछे किसी तरह की राजनीति नहीं देखता।''












Click it and Unblock the Notifications