तेलंगाना के टियर-2 शहरों में भी अपना विस्तार करें उद्योगपति: केटीआर
तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री केटी रामाराव ने सोमवार को उद्योगपतियों से अपील की, कि वो हैदराबाद से आगे राज्य के टियर-2 शहरों में भी अपने कारोबार के परिचालन का विस्तार करने पर विचार करें।

हैदराबादः तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री केटी रामाराव ने सोमवार को उद्योगपतियों से अपील की, कि वो हैदराबाद से आगे राज्य के टियर-2 शहरों में भी अपने कारोबार के परिचालन का विस्तार करने पर विचार करें। उन्होंने उन्हें राज्य सरकार के लिए नए अवसरों और संभावित निवेशकों की पहचान करने के लिए भी कहा।
हैदराबाद सॉफ्टवेयर एंटरप्राइजेज एसोसिएशन (HYSEA) द्वारा आयोजित आईटी उद्योग के नेताओं के साथ एक इंटरैक्टिव सत्र में, रामा राव ने उपस्थित लोगों से मार्गदर्शन मांगा कि राज्य सरकार कैसे सुनिश्चित कर सकती है कि स्थानीय युवाओं को नौकरी के अधिकांश अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग और शिक्षा के बीच साझेदारी स्थापित करने के लिए काम कर रही है।
आपको बता दें कि तेलंगाना में आईटी सेक्टर 3.23 लाख से बढ़कर 8.7 लाख हो गया है और आईटी निर्यात 2014 में 57,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 2022 में 1.83 लाख करोड़ रुपये हो गया है। नैसकॉम की रिपोर्ट का हवाला देते हुए, केटी रामाराव ने कहा कि पिछले साल भारत में आईटी क्षेत्र में 4.5 लाख नौकरियों का सृजन हुआ। इनमें 1.5 लाख या कुल नौकरियों की एक-तिहाई नौकरियां अकेले हैदराबाद से हैं। हैदराबाद ने बेंगलुरु को भी पछाड़ दिया है, जहां से 1.46 लाख नौकरियां सृजित हुईं। केटीआर ने कहा कि हैदराबाद को लेकर कर्मचारियों और कंपनियों का रुख तेजी से बढ़ रहा है और मेरा विश्वास है कि अभी ये केवल शुरुआत है।
केटीआर ने कहा कि राज्य सरकार आने वाले वर्षों में भारत में दो मिलियन नौकरियां सृजित करने के अवसर का लाभ उठाने के लिए उद्योगों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगी। बातचीत सत्र के दौरान, उन्होंने 2014 से तेलंगाना सरकार द्वारा बनाई गई गतिशीलता, डिजिटल और अन्य बुनियादी ढांचे पर भी चर्चा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक जो आम आदमी को लाभ नहीं पहुंचाती है, वह व्यर्थ है।












Click it and Unblock the Notifications