अरविंद केजरीवाल ने भरी हुंकार, आदमपुर जीते तो 2024 में हरियाणा में भी बनेगी AAP की सरकार
अरविंद केजरीवाल ने भरी हुंकार, आदमपुर जीते तो 2024 में हरियाणा में भी बनेगी AAP की सरकार
चंड़ीगढ़। दिल्ली और पंजाब के बाद हरियाणा में पैर पसार रही आम आदमी पार्टी वहां तेज गति से भाग रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद मोर्चा संभाल रखा है। तिरंगा यात्रा के जरिए वो हरियाणा में आप की नींव को मजबूत करने में जुटे हैं। अरविंद केजरीवाल गुरुवार को हरियाणा के आदमपुर में 'तिरंगा यात्रा' का नेतृत्व करने के बाद आदमपुर मंडी में एक रैली को संबोधित किया। केजरीवाल दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को हरियाणा पहुंचे थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके साथ हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) की 'तिरंगा यात्रा' हिसार के आदमपुर के क्रांति चौक से शुरू हुई। रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल की जमकर प्रशंसा की। इसके साथ ही केजरीवाल ने आदमपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में लोगों से आम आदमी पार्टी को वोट देने का आग्रह किया।
केजरीवाल ने कहा कि 2019 में पंजाब में लोकसभा की हमारी एक सीट आई थी और आज 2022 में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। उन्होंने कहा कि मैं यह वादा करता हूं कि आप 2022 में आम आदमी पार्टी को आदमपुर की सीट जिता दो, मैं आपसे वादा करता हूं कि 2024 में हरियाणा में 'आप' की सरकार होगी।
'आप' के नेता ने कहा कि दो साल बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव होंगे और यह उपचुनाव एक ट्रेलर है। हम आदमपुर में बैठे हैं और तीन से चार महीने में उपचुनाव होंगे। केजरीवाल को एक मौका दें। अगर मैं हरियाणा को बदलने में सक्षम नहीं हूं, तो मुझे बाहर निकाल देना। उन्होंने कहा कि हमें आदमपुर से विजयी बनाएं, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि 'आप' हरियाणा में सरकार बनाएगी। आदमपुर आप के लिए 2024 में हरियाणा में सरकार बनाने का प्रवेश द्वार होगा।












Click it and Unblock the Notifications