अंबाला में गृह मंत्री अनिल विज का जनता दरबार, बिजली बोर्ड के एसडीओ पर गिरी गाज
अंबाला। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज इन दिनों खूब एक्शन में है। जहां एक तरफ वो विरोधियों पर जुबानी हमले कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ जनता के बीच पहुंचकर उनकी परेशानी को हल कर रहे हैं। अंबाला में जनता दरबार के दौरान उन्होंने लोगों की परेशानियां सुनी और उनका निवारण भी किया।

अंबाला में हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बुधवार को छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को जनता दरबार लगाकर सुना। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुनते समय मंत्री विज पूरे एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। दोपहर शुरू हुआ जनता दरबार देर शाम संपन्न हुआ।
छावनी निवासी महिला ने गृह मंत्री विज को अपनी शिकायत देते हुए बताया कि उसका पति के साथ विवाद चल रहा है और वह अपने भाई के साथ मायके में रह रही है। मगर बिजली बोर्ड ने जेठ के नाम से बिजली के मीटर को डिफाल्टर करार देते हुए उसके खिलाफ बिजली बोर्ड विजिलेंस में मामला दर्ज करा दिया। महिला की शिकायत पर मंत्री विज ने एक्सइएन से जवाब-तलब किया और इसके बाद मामले में बिजली बोर्ड विजिलेंस के एसडीओ की गड़बड़ी पाई गई।
मंत्री विज ने बिजली बोर्ड के एमडी को फोन कर एसडीओ को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार दरबार में कैंट निवासी महिला ने बताया कि पति ने धोखे से उसके साथ शादी व दुराचार किया जबकि उसकी पहले भी शादी हो चुकी थी। महिला का आरोप था कि उसके द्वारा दर्ज कराए गए केस को पंजोखरा थाना पुलिस ने कैंसिल कर दिया। मामले में मंत्री विज ने मौके पर मौजूद पंजोखरा थाने के एसएचओ को कड़ी फटकार लगाई और इस मामले में एडीजीपी को जांच के निर्देश दिए। मंत्री विज ने यह भी निर्देश दिए कि जांच में यह भी चैक किया जाए कि किसने महिला की एफआइआर रद्द की और उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाए।












Click it and Unblock the Notifications