Hemant Soren: पिछड़े और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध- CM सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार गांव और ग्रामीणों की स्थिति बेहतर करने के लिए ही काम कर रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 59 करोड़ की 25 योजनाओं का शिलान्यास भी किया।

साहिबगंज: गुरुवार को पतना के धरमपुर स्थित मिशन मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार गांव और ग्रामीणों की स्थिति बेहतर करने के लिए ही काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग मजदूरी छोड़ कर खेती और अन्य कारोबार से जुड़ें, अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर करें। इसके लिए सरकार तमाम उपाय कर रही है।
जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने को संकल्पित है सरकार
मुख्यमंत्री ने साहिबगंज में 59 करोड़ की 25 योजनाओं का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू होकर उनका समाधान कर रही है। समाज के पिछड़े एवं जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। गांव के पढ़े-लिखे युवाओं को दवा की दुकान खोलने का लाइसेंस दिया जाएगा। इसकी प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही विज्ञापन निकाला जाएगा।
डाक्टर व इंजीनियर बनने के लिए सरकार करेगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि सभी योजनाएं कागज से निकलकर लोगों के घरों तक पहुंचे। सरकार पिछड़ेपन के अभिशाप को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। बच्चियां पढ़ाई जारी रख सकें, इसके लिए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत राशि उनके बैंक अकाउंट में भेजी जा रही है। उन्हें डाक्टर, इंजीनियर बनने, कालेज की पढ़ाई पूरी करने के लिए सरकार मदद करेगी। नौजवानों को तैयारी कर सरकारी अफसर बनने के लिए भी सरकार मदद करेगी। इस वर्ष हमने पंचायत पंचायत शिविर लगाकर सुनिश्चित किया कि समस्याओं का पूर्ण निष्पादन हो, यह अभियान बेहद सफल रहा।
कोई बुजुर्ग न रहे पेंशन से वंचित
सोरेन ने कहा कि जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की दीदी प्रयास करें कि कोई बुजुर्ग पेंशन से वंचित न रहे। उन्होंने 42 स्वयं सहायता समूह को 21 लाख की सामुदायिक निवेश निधि एवं तीन कलस्टर लेवल संगठन को निबंधन प्रमाणपत्र दिया। बाल विकास परियोजना के तहत छह लाभुकों को किशोरी समृद्धि योजना, चार सेविका एवं दो सहायिका को चयन पत्र, आंगनबाड़ी के बच्चों को स्वेटर दिया। धोती- साड़ी, पेंशन स्वीकृति पत्र, कंबल भी बांटे। इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृति पत्र व श्रमिकों को जाब कार्ड दिए गए।












Click it and Unblock the Notifications