पंजाब: मरीजों को कोई कठिनाई न हो, स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने डॉक्टरों को दी हिदायत
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सोमवार को राज्य के सभी सिविल सर्जनों को संसाधनों के अधिक से अधिक प्रयोग को यकीनी बनाने की हिदायत दी, ताकि किसी भी मरीज या उनके परिजनों को कोई कठिनाई पेश न आए।
मंत्री डॉ. बलबीर सिंह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशालय में समस्त सिविल सर्जनों के सम्बन्धित जिलों की कारगुजारी का जायजा लेने के लिए की गई मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे थे।

जिला फरीदकोट और लुधियाना के सिविल सर्जनों द्वारा किए गए बेमिसाल कार्यों का जिक्र करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने सभी सिविल सर्जनों को इन मॉडल जिलों के कार्यों की नकल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पूरे जोश और निष्ठा से काम करने वाले सभी स्वास्थ्य अधिकारियों/कर्मचारियों को आने वाले समय में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सिविल सर्जनों को यह यकीनी बनाने के लिए भी कहा कि उनके सम्बन्धित अस्पतालों में मौजूद सभी मेडिकल उपकरण कार्यशील हों। यदि कोई साजो-सामान खराब पड़ा है, तो इसकी मुरम्मत जल्द से जल्द राज्य सरकार द्वारा नियुक्त एजैंसी से करवाई जाए। डॉ. बलबीर सिंह ने मरीजों की संतुष्टि को मुख्य बताते हुए कहा कि सभी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए केंद्र स्थापित करने के लिए नर्सिंग विद्यार्थियों की सेवाएं ली जाएं।
मंत्री ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसूतियों को यकीनी बनाने के साथ-साथ प्रसूतियों से पहले की जांच, गर्भवती महिलाओं की रजिस्ट्रेशन और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सुरक्षित प्रसूतियों के लिए पहल के आधार पर पुख़्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। आई.एम.ए. अध्यक्ष डॉ. भगवंत सिंह की मौजूदगी में डॉ. बलबीर सिंह ने सभी सिविल सर्जनों को आई.एम.ए. के साथ तालमेल और सहयोग करने के निर्देश दिए। एम्स नई दिल्ली के डी.एम. कार्डीयोलॉजिस्ट डॉ. सुधीर वर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री के दिशा-निर्देशों पर राज्य की अलग-अलग स्वास्थ्य संस्थाओं के किए गए विस्तृत सर्वेक्षण के नतीजे पेश किए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव विवेक प्रताप सिंह, सचिव स्वास्थ्य एवं मिशन डायरैक्टर एन.एच.एम. पंजाब डॉ. अभिनव त्रिखा, मैनेजिंग डायरेक्टर पी.एच.एस.सी. प्रदीप अग्रवाल, सी.ई.ओ. राज्य स्वास्थ्य एजैंसी बबीता, डायरेक्टर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पंजाब डॉ. आदर्श पाल कौर, डायरैक्टर स्वास्थ्य सेवाएं पंजाब, डॉ. रविन्द्रपाल कौर, डायरैक्टर (ई.एस.आई.) डॉ. सीमा और समस्त डिप्टी डायरैक्टर और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications