हरियाणा: गृहमंत्री अनिल विज का कांग्रेस पर तंज, कहा-हुड्डा की उम्र हो गई, उन्हें अपना चश्मा ठीक कराना चाहिए
चंड़ीगढ़। हरियाणा में राजनीतिक पार्टियों के नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर फिर से तेज हो गया है। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही है। इसी क्रम में हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि हुड्डा साहब की उम्र हो गई है और उन्हें अपना चश्मा ठीक कराना चाहिए। शुक्रवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री विज ने कहा कि भाजपा सरकार को किसान विरोधी कहने वाले कांग्रेस अपने कार्यकाल की बात करें।

भाजपा सरकार ने जितना किसानों के हक में काम किया उतना किसी ने नहीं किया। किसानों को सबसे अधिक मुआवजा भाजपा सरकार ने दिया। उन्होंने कहा कांग्रेस के राज में तो महज पांच-पांच रुपए के चैक किसानों के आते थे, उन्होंने राशि बढ़ाई और हर मामले में किसानों का साथ भाजपा सरकार दे रही है। अभी भी जो मामला मुस्तरका मालिकान जमीन का है। इस मामले में कुछ किसानों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिवस पर विज ने बधाई दी और कहा कि हिंदुस्तान को नई उम्मीद, नया रूप, नई ताकत और नई शक्ति देने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है और उनका जन्मदिवस हर विधानसभा क्षेत्र में रक्तदान शिविर आयोजित कर मना रहे हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी सारे देश में तमाशे कर रही है। यहां पर इन्होंने अपने आप को प्रस्तुत किया है कि हम बिकने के लिए तैयार है। कैसे इन्होंने अपने आप जाकर ज्ञापन दिया। यह तमाशे करते हैं और इन्हें अब अपनी तमाशा कंपनी बना लेनी चाहिए। राजनीति इनके बस की बात नहीं है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर पंजाब में विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए थे।












Click it and Unblock the Notifications