हरियाणा: कष्ट निवारण समिति की बैठक में पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने मौके पर 12 मामलों का किया समाधान
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने भिवानी में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान बैठक में कुल 12 परिवाद रखे गए। खास बात है कि विकास एवं पंचायत मंत्री ने मौके पर ही मामले का समाधान कर दिया।
बैठक में गए परिवादों की सुनवाई के दौरान गांव किरावड़ निवासी राजबाला के परिवाद पर सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने विकास एवं पंचायत मंत्री को बताया कि पिछली बैठक में दिए गए निर्देश के अनुसार नेगलीजेंसी बोर्ड से जांच करवा ली गई है, जिसमें उपचार के दौरान चिकित्सकों की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है।

इस पर परिवादी राजबाला ने विकास एवं पंचायत मंत्री बबली से आर्थिक सहायता देने की मांग की। जिस पर मंत्री ने अपनी तरफ से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। न्यू पटेल, नगर बहादुरगढ़ निवासी दलबीर की शिकायत की सुनवाई करते हुए देवेंद्र सिंह बबली ने डाकघर के अधीक्षक को एक महीने के अंदर जांच पूरी करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एक महीने के अंदर यदि मामले का समाधान नहीं होता है तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी। गांव बड़वा निवासी राम कुमार के परिवाद की सुनवाई पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले का निपटारा किया जा चुका है। परिवादी को उसकी राशि मुहैया करवा दी गई है।
सिवाड़ा की सरपंच सीमा के परिवाद की सुनवाई पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने पंचायत मंत्री को बताया कि गांव में कार्यों की टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जल्द ही कार्य शुरु हो जाएंगे। इस दौरान बबली ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल मुहैया करवाना सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें- हरियाणा: जेजेपी ने राजस्थान चुनाव की तैयारियां तेज की, अक्टूबर में दुष्यंत चौटाला करेंगे रोड शो












Click it and Unblock the Notifications