हर आदमी को उसके नजदीक मिले स्वास्थ्य सुविधा, इसके लिए हरियाणा सरकार करा रही सर्वे: अनिल विज
अंबाला, 2 अगस्त। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने डॉक्टरों को सैल्यूट करते हुए कहा कि डॉक्टर भगवान तो नहीं परन्तु भगवान से कम भी नहीं हैं। सरकार और मेरा ध्येय है कि कोई भी व्यक्ति चाहे वह अमीर है या गरीब, चिकित्सा सुविधा के अभाव में उसकी जिंदगी नहीं जानी चाहिए। हम सबको मिलकर इस दिशा में कार्य करना है, चाहे वह सरकारी अस्पताल हो या प्राइवेट। स्वास्थ्य मंत्री रविवार को अंबाला शहर के किंगफिशर पर्यटन स्थल में हरियाणा मेडिकल काउंसिल द्वारा आयोजित हरियाणा चिकित्सक गौरव अवार्ड कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

उन्होंने प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ घोषित किए गए अस्पताल एवं चिकत्सिकों को स्मृति चिन्ह व प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया। सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों की श्रेणी में अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल को प्रथम घोषित किया गया। इसके अलावा दूसरे स्थान पर पंचकूला सिविल अस्पताल और तीसरे स्थान पर करनाल सिविल अस्पताल रहा। अस्पताल के स्टाफ को मंत्री विज ने सम्मानित किया। इसके अलावा प्रदेशभर से लगभग 70 सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों के डाक्टरों को भी सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य बजट अब 6500 करोड़ हो रही मैपिंग स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि अभी मंजिल दूर है, स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अभी और कार्य करने हैं। हर आदमी को चिकित्सा सुविधा उसके नजदीक मिले, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वे करवाया जा रहा है। इस सर्वे में डब्ल्यूएचओ के मापदंडों के तहत कहां पर चिकित्सा के क्षेत्र में क्या-क्या सुविधाएं चाहिए, उन सभी का आंकलन किया जाएगा। हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है, जो इस प्रकार की मैपिंग करवा रहा है, मैपिंग के जरिए जाना जाएगा कि कहां-कहां क्या-क्या स्वास्थ्य सेवाओं की जरुरत है। उन्होंने कहा कि जब 2014 में वह स्वास्थ्य मंत्री बने थे, उस समय स्वास्थ्य विभाग का बजट 1700 करोड़ रुपये था, अब यह बढक़र 6500 करोड़ रुपये हो गया है। हमारा प्रयास है कि जहां पर बिल्डिंग की हालत ठीक नही है, उन भवनों को दुरूस्त करने का काम किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications