हरियाणा सरकार का महिलाओं को तोहफा, रक्षाबंधन पर 2 दिन फ्री कर सकेंगी रोडवेज में सफर
हरियाणा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन के मौके पर फ्री बस सेवा का तोहफा दिया है। इस मौके पर हरियाणा की महिलाएं रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी।
इसको लेकर आला अधिकारियों को सीएम ने आदेश भी जारी कर दिए हैं। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि बहनें अपने भाइयों को घर जाकर राखी बांध सके इसलिए सरकार ने ये फैसला लिया है।

मूलचंद शर्मा ने बताया कि सीएम मनोहर लाल ने इस प्रस्ताव को मंजूदी दे दी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पिछले कई सालों से महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रही है। इस साल भी पिछले साल की तरह महिलाएं अपने 15 साल तक के बच्चे के साथ इस निशुक्ल यात्रा सुविधा का लाभ ले सकती हैं।
2 दिन तक मिलेगी ये सुविधा
मूलचंद शर्मा ने बताया कि 29 अगस्त दोपहर 12 बजे से ये सुविधा शुरू हो जाएगी। जो 30 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन रात 12 बजे तक रहेगी। यह सुविधा साधारण और स्टैंडर्ड में दी जाएगी।
एयरकंडीशन बस में सफर करने की नहीं हैं छूट
हरियाणा रोडवेज की किसी भी एयरकंडीशन बस में यात्रा करने के दौरान महिला व उसके बच्चे को किराये में कोई छूट नहीं है। जिसमें महिलाओं को यात्रा करने के लिए अपनी जेब ढ़ीली करनी होगी। रोडवेज में बल्लभगढ़ से गुड़गांव व दिल्ली के लिए एयरकंडीशन बसें चलती है।
हरियाणा के अलावा अन्य प्रदेशों में सफर करने पर देना होगा किराया
महिलाओं व उनके बच्चों की मुफ्त यात्रा केवल हरियाणा में ही सीमित रहेगी। आसपास के लगते दूसरे राज्य में बस के प्रवेश करते ही महिला को अपना व अपने बच्चे का किराया देना होगा। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा : प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा रक्षाबंधन पर बहनों व उनके 15 साल तक के बच्चे के लिए मुफ्त यात्रा के प्रस्ताव को हर साल की तरह मंजूरी दे दी है। यह सुविधा 29 अगस्त दोपहर 12 बजे से आरम्भ होगी और 30 अगस्त रात 12 बजे तक रहेगी। यह सुविधा साधारण व स्टैंडर्ड बसों में दी जाएगी। इतना जरूर है कि एयरकंडीशन बसों में यह सुविधा नहीं होगी।
लेखराज, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद : रक्षा बंधन के लिए गुड़गांव, सोहना, आगरा, अलीगढ़ दिल्ली रूट पर बसों के चक़्कर अधिक रहेंगे। गुड़गांव व सोहना रूट पर प्रत्येक 15 मिनट में बस मिलेगी। मंगलवार से लेकर बुधवार देर रात तक किसी भी यात्री को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications