हरियाणा सुपर 100 परीक्षा का शेड्यूल शिक्षा विभाग ने किया जारी, जानिए इसके बारे में सबकुछ
चंडीगढ़, 1 जून। हरियाणा की मनोहर लाल सरकार ने मेधावी छात्रों की प्रतिभा को मुकाम तक पहुंचाने के लिए सुपर 100 कार्यक्रम शुरू किया जिसके तहत नीट और आईआईटी में एडमिशन के लिए फ्री कोचिंग दी जाती है। इसके तहत छात्रों के चयन के लिए परीक्षा का आयोजन किया जाता है। हरियाणा शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों की सुपर- 100 परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह प्रवेश परीक्षा 4 जून को सुबह 11:00 बजे से 01:00 बजे तक होगी। प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा केंद्र होंगे। अब तक 7543 छात्रों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है।

मेधावी छात्रों के लिए हरियाणा सरकार की योजना
हरियाणा सरकार की ओर से शिक्षा में जगाई अलख ने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग में करियर बनाने की राह आसान की है। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि सरकारी स्कूलों में जरूरतमंद मेधावी महंगी कोचिंग नहीं ले सकते और पसंद का करियर चुनने में कई बार चूक जाते हैं। सरकार ने आईआईटी और नीट में दाखिले के लिए सुपर-100 कार्यक्रम शुरू कर इस तरह के विद्यार्थियों के सपनों को पंख लगाए हैं। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी प्रदेश के मेधावियों को मुफ्त कोचिंग दी जाने वाली है। सत्र 2022-2024 के कार्यक्रम के तहत 400 विद्यार्थियों को रेवाड़ी, करनाल, पंचकूला, हिसार, सिरसा केंद्रों पर कोचिंग दी जाएगी जबकि 200 विद्यार्थियों की आनलाइन पढ़ाई होगी।
फ्री कोचिंग का सारा खर्च उठाएगी हरियाणा सरकार
प्राथमिकता के आधार पर सुपर-100 चयन परीक्षा के लिए दसवीं कक्षा में 80 फीसद अंक लेने वाले विद्यार्थी ही आवेदन कर सकते हैं। कोरोना संक्रमण और परीक्षाओं में देरी के कारण इस बार शिक्षा निदेशालय ने 9वीं कक्षा में 60 फीसद अंक हासिल करने वाले मेधावियों को भी आवेदन के लिए आमंत्रित किया। चयनित विद्यार्थियों को जिले के साथ लगते तय केंद्रों पर कोचिंग दी जाएगी। कोचिंग के दौरान मेधावियों को आवास, खाना और पढ़ाई का किसी तरह का कोई खर्च नहीं देना होगा यानि पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
जानिए पूरा शेड्यूल
इस बार आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई के बाद लेवल-1 की परीक्षा जिला स्तर पर चार जून को आयोजित की जा रही है। परीक्षा का परिणाम 20 जून को जारी होगा। लेवल-1 परीक्षा पास करने मेडिकल या नान मेडिकल में पढ़ाई के इच्छुक लेबल-2 की परीक्षा में हिस्सा लेंगे जोकि 24 जून से आठ जुलाई तक होगी। लेवल- 2 की परीक्षा का परिणाम 10 जुलाई को जारी किया जाएगा और मुफ्त आवासीय कोचिंग 15 जुलाई से शुरू कर दी जाएगी। प्रतिस्पर्धा परीक्षा में कक्षा नौंवी का 45 फीसद, दसवीं कक्षा का 65 फीसद पाठयक्रम शामिल किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications