CM बोले- उद्योगों को प्रगति के रास्ते पर ले जाना है हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य
चंडीगढ़, 10 फरवरी 2022: हरियाणा के बजट में उद्यमियों का खास ख्याल रखा जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि प्रदेश के उद्योगों को प्रगति के रास्ते पर लेकर जाना उनका मुख्य लक्ष्य है। इससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और प्रदेश भी प्रगति की ओर बढ़ेगा। मुख्यमंत्री बुधवार को अपने निवास पर बजट पूर्व परामर्श बैठक में बोल रहे थे। बैठक में प्रदेश के औद्योगिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी व व्यापारी शामिल हुए। इसमें उन्होंने आगामी बजट के संबंध में अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने तीन साल पहले यह नया प्रयोग किया था जिसके तहत सभी मंत्रियों, विधायकों व औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े हित धारकों से बातचीत करके आम बजट तैयार करने की परंपरा शुरू की थी। पिछले 2 वर्ष में कोरोना की वजह से प्रत्यक्ष रूप से बैठक करके बजट पर सुझाव तो नहीं लिए जा सके, लेकिन लिखित रूप से जरूर बजट के संदर्भ में सुझाव लिए गए। इसी कड़ी में यह बैठक आयोजित की गई है।

आज उद्योगों में स्किल्ड युवाओं की जरूरत है। हरियाणा सरकार युवाओं की स्किलिंग पर विशेष तौर पर ध्यान दे रही है। इसके साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों में इन्फ्रास्ट्रक्चर, बिजली व अन्य सुविधाओं पर भी जोर दिया जा रहा है। उद्योगों में हरियाणा के नौजवानों को नौकरियां मिलेंगी तो उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और प्रदेश का भी विकास होगा।
बैठक के दौरान डॉ. नरेश त्रेहन, सीआईआई से रमन सलूजा, एसोचैम से विजय शर्मा, फरीदाबाद इंडस्ट्रियल एसोसिएशन से बीआर भाटिया, पीएचडीसीसीआई से मोहित जैन, एफआईए से भावुक मेहता, एसएमई इंडिया से राजीव चावला व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आगामी बजट के संदर्भ में अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications