सूरजकुंड में 15 जुलाई से हरियाणा भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, सीएम मनोहर लाल भी होंगे शामिल
चंडीगढ़, 13 जुलाई। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 15 से 17 जुलाई तक सूरजकुंड स्थित राजहंस होटल में किया जा रहा है। इस शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक, राजनीतिक व भाजपा विचारधारा के मूल मंत्र दिए जाएंगे। इसी मंत्र को लेकर कार्यकर्ता मिशन 2024 में जनता के बीच जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों से अवगत कराएंगे। यह जानकारी परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मिलन वाटिका सेक्टर 11 में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के संगठन को लेकर चिंतन व मंथन किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के सभी सांसद, विधायक, मुख्यमंत्री व पार्टी के सभी पदाधिकारी समेत करीब 350 कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस चिंतन मंथन प्रशिक्षण में इस बात पर चर्चा की जाएगी कि जब हमारी पार्टी सत्ता में नहीं थी और पार्टी जिस सिद्धांतों व नीतियों की बात करती थी, सत्ता में आने के बाद हमारी सरकारें उन नीतियों में कितनी सफल हुई है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा। इसमें किसी बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मीडिया को भी प्रशिक्षण शिविर से बाहर रखा जाएगा।
शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, सह संगठन मंत्री वीसतीश, शिव प्रकाश, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र शेखावत, भूपेंद्र यादव, कृष्णपाल गुर्जर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े समेत राज्य व केंद्र के मंत्री व पदाधिकारी प्रशिक्षण देंगे। प्रेसवार्ता में जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख डॉ.ओमप्रकाश अत्रे, प्रदेश महासम्पर्क विभाग के प्रदेश संयोजक संदीप जोशी, स्थानीय निकाय विभाग के प्रदेश सह संयोजक देवेन्द्र चौधरी, जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल व आरएन सिंह, जिला मिडिया प्रमुख विनोद गुप्ता, नरेन्द्र जैन, दीपांशु अरोड़ा उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications