हरियाणा-अफ्रीका कान्क्लेव सीरीज-1: CM खट्टर बोले–अफ्रीकी देशों के साथ H2H मॉडल अपनाएंगे
चंडीगढ़। हरियाणा और अफ्रीका एक-दूसरे के साथ व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेंगे। दो दिवसीय 'हरियाणा-अफ्रीका कान्क्लेव सीरीज-1' में यह संकल्प लिया गया। समापन सत्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अफ्रीकी देशों के साथ एच टू एच मॉडल यानि हार्ट टू हार्ट कनेक्ट पर काम करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की रूपरेखा विकसित की जाएगी। भाईचारा बनाए रखने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पारस्परिक संबंध बढ़ाने की दिशा में सहयोग किया जाएगा। निवेशकों के लिए हरियाणा में विकास करना और आसान होगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा-अफ्रीका अलग नहीं हैं। हम वहां काम करने के लिए अपने उद्योगों के जरिये सहयोग करेंगे। मानव पूंजी के विकास में निवेश करने पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। नए अवसरों का उचित उपयोग हमें नौकरी देने वाला बना सकता है। स्कूल और विश्वविद्यालय पाठ्यक्रमों को इस तरह से डिजाइन करना होगा कि वे युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कर सकें।
यह कॉन्क्लेव दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगा। इससे सहयोग और पारस्परिक विकास की नई परिभाषा स्थापित होगी। अफ्रीका-हरियाणा व्यापक तरीके से विचार कर वैश्विक धारणाओं को बदलेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 12 अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधियों के साथ विदेश सहयोग विभाग की तैयार हरियाणा-अफ्रीका रिलेशन टूवर्ड्स प्रोग्रेसिव फ्यूचर नामक पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये।
अफ्रीका हमारी प्राथमिकताओं में शीर्ष पर
उन्होंने कहा कि बहुआयामी विकास के लिए अफ्रीकी देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। अफ्रीका हमारी प्राथमिकताओं में शीर्ष पर रहेगा। विकास साझेदारी सबकी प्राथमिकताओं के आधार पर बनेगी। स्थानीय अवसरों के अनुसार क्षमता का निर्माण किया जाएगा। डिजिटल क्रांति के साथ अपने अनुभव का उपयोग अफ्रीका के विकास के लिए करेंगे। सार्वजनिक सेवाओं के वितरण में सुधार, शिक्षा और स्वास्थ्य का विस्तार, डिजिटल साक्षरता का प्रसार, वित्तीय समावेश का विस्तार और जरूरतमंदों को मुख्यधारा में लाने जैसी गतिविधियों में अफ्रीका को सहयोग दिया जाएगा।
बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा नया इतिहास लिखेंगे अफ्रीका और हरियाणा
हरियाणा और अफ्रीका व्यापार व विकास के मामले में आपसी सहयोग कर भारत-अफ्रीका के संबंधों को और मजबूत बनाने में एक नया अध्याय लिखेंगे। यह बात हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को यहां आयोजित हरियाणा-अफ्रीका कॉन्क्लेव सीरीज-1 कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही।
राज्यपाल दत्तात्रेय ने कहा कि अफ्रीका और हरियाणा के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं, यह संबंध सभी स्तरों पर सतत और विकास के रूप में स्थापित हुए हैं। उच्च शिक्षा से लेकर कौशल विकास तक, आईटी सक्षम सेवाओं से लेकर खाद्यान्न विकास तक, हरियाणा अफ्रीका के साथ साझेदारी करने के लिए हर स्थिति में काम करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कृषि और खनन अफ्रीकी अर्थव्यवस्था के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। हरियाणा इन दोनों क्षेत्रों के साथ-साथ ऑटोमोबाईल, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी उत्पाद में अफ्रीकी देशों की मदद करने में आगे बढ़कर कार्य करेगा। इससे बिचैलिया व्यवस्था पर अंकुश लगेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में व्यापार के क्षेत्र में भारत अफ्रीका का तीसरा सबसे बड़ा साझेदार है। दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़कर अब 77 अरब अमेरिकी डॉलर से भी अधिक हो गया है। इस प्रकार से भारत अफ्रीका में निवेश करने वाला पांचवा सबसे बड़ा देश भी है। इसमें हरियाणा का महत्वपूर्ण योगदान है।
इस मौके पर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मूरलीधरन, विदेश सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव योगेंद्र चैधरी तथा विभाग के महानिदेशक डा. अनंत प्रकाश पांडे सहित एक दर्जन से भी अधिक अफ्रीकी देशों के राजदूत उपस्थित थे।
अफ्रीकी देशों के लिए मददगार हरियाणा : चौटाला
हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा का क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी तीन ओर से जुड़ा हुआ है और यहां यातायात की बेहतर सुविधाएं हैं। इसके साथ-साथ खेल, स्वास्थ्य, कृषि, डेयरी, मत्सय पालन, ऑटोमोबाईल, सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश का प्रथम राज्य है। इन सभी क्षेत्रों में हरियाणा अफ्रीकी देशों के लिए मद्दगार साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications