हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज बोले- कांग्रेस के चाहने से कमल के फूल उगना बंद नहीं होंगे
चंडीगढ़। G-20 के लोगो में कमल का फूल लगाने के सियासी घमासान में हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने कांग्रेस के आपत्ति जताने पर पलटवार किया। गृह मंत्री अनिल विज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि G-20 देशों के लोगो में भारत के राष्ट्रीय पुष्प कमल को लगाने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। कमल का अलौकिक फूल भारत की संस्कृति से जुड़ा है। भाजपा ने इसे अपना चुनाव चिन्ह बना लिया तो कांग्रेस के चाहने से कमल के फूल उगना थोड़ा बंद हो जाएंगे। यह अपना अलौकिक स्वरूप बिखेरते ही रहेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने लोगो के अनावरण पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया है। रमेश ने लिखा है कि नेहरू के समय में बहुत सारे लोग यह दबाव बना रहे थे कि कांग्रेस के झंडे को ही राष्ट्रीय झंडा घोषित कर दिया जाए, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। ''यह चौंकाने वाली बात है, लेकिन अब हम जानते हैं कि मिस्टर मोदी और भाजपा बेशर्मी के साथ खुद के प्रचार का कोई अवसर नहीं छोड़ेंगे।''
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ही भारत की अध्यक्षता में होने वाले G-20 के सम्मेलन के लिए लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया था। G-20 के लोगो में कमल का फूल को शामिल करने पर कांग्रेस विरोध जता रही है।












Click it and Unblock the Notifications