हरीश राव का बड़ा बयान, 'कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं बीआरएस से निकाले गए डेडवुड लोग'
तेलंगाना के वित्त और स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने शुक्रवार को पूर्व सांसद पोंगुलेटी श्रीनिवास राव पर तीखा हमला करते हुए कहा कि बीआरएस से निष्कासित लोग अब कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
खम्मम में पोडु किसानों को पट्टे सौंपने के बाद सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी अब बुरे लोगों और पीठ में छुरा घोंपने वालों से मुक्त हो गई है।

हरीश राव ने कहा, 'जिले में कुछ नेताओं के पार्टी छोड़ने के बाद बीआरएस अब पूरी तरह 'स्वच्छ' हो गई है। ये लोग बीआरएस के लिए डेडवुड जैसे थे, जो अब कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। 2 जुलाई को खम्मम में राहुल गांधी की तरफ से संबोधित की जाने वाली सार्वजनिक बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को तेलंगाना के बारे में कुछ भी नहीं पता है। वो बस केवल तेलंगाना कांग्रेस नेताओं द्वारा लिखी गई स्क्रिप्ट को दोहराने जा रहे हैं।'
हरीश राव ने आगे कहा, 'मुख्यमंत्री केसीआर का शासन राज्य में आदिवासी लोगों के लिए एक स्वर्ण युग है। पोडू भूमि के लिए पट्टा पासबुक का वितरण आदिवासियों के लिए एक सपने के सच होने जैसा है, क्योंकि दशकों पुरानी समस्या का मुख्यमंत्री द्वारा स्थायी समाधान कर दिया गया है। पिछले 60 वर्षों में, केवल तीन लाख एकड़ पोडु भूमि वितरित की गई थी, लेकिन बीआरएस सरकार एक बार में चार लाख एकड़ से अधिक पोडु भूमि आदिवासियों को वितरित कर रही है और यह आदिवासियों के लिए एक त्योहार की तरह है।'












Click it and Unblock the Notifications