गुरुग्राम: मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी के लिए निर्धारित क्षेत्र का किया हवाई सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन व वन विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित परियोजना के लिए निर्धारित स्थल के मानचित्र को देखकर निशानदेही व अन्य कार्यों को लेकर निर्देश दिए।

अरावली पर्वत शृंखला में गुरुग्राम और नूंह में लगभग 10 हजार एकड़ क्षेत्र में बनने वाले जंगल सफारी के लिए निर्धारित क्षेत्र का मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हवाई सर्वेक्षण किया। जंगल सफारी पार्क को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की और उन्हें इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हरियाणा में बनने वाला यह जंगल सफारी पार्क विश्व में सबसे बड़ा होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन व वन विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित परियोजना के लिए निर्धारित स्थल के मानचित्र को देखकर निशानदेही व अन्य कार्यों को लेकर निर्देश दिए। इस जंगल सफारी को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए विश्व स्तरीय विशेषज्ञों से राय व सुझाव लिए जाएंगे।
हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन डॉक्टर अरविंद यादव के अनुसार इस परियोजना से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा। गुरुग्राम विश्वस्तरीय शहरों में शुमार है, लेकिन मेवात के नूंह को इस परियोजना से अलग पहचान मिलेगी। इसके साथ ही जंगल सफारी विकसित होने से अरावली पर्वत शृंखला के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों समेत देश-विदेश से काफी संख्या में लोग पर्यटन के लिए यहां आएंगे। इससे निश्चित ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को और अधिक रोजगार के अवसर मुहैया करवाने के उद्देश्य से होम स्टे पॉलिसी शुरू की है। इसके तहत, पर्यटकों को भी स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications