सरकार खर्च बढ़ाएगी, जनहित की योजनाओं के लिए सभी संसाधन जुटाएगी : हेमंत सोरेन
रांची। कोरोना संक्रमण की वजह से विकास के काम बाधित हुए हैं। इसका असर कुछ विभागों के कार्यों में ज्यादा दिखा है। अब हमें 2022-23 बजट की तैयारी करनी है। इस बार सरकार का खर्च बढ़ाने के साथ-साथ संसाधन जुटाने पर जोर है। क्योंकि हमें और बेहतर कार्य करना है। राज्य की जनता के लाभ से जुड़ी योजना के लिए भी सरकार को राशि की आवश्यकता पड़ेगी। इसके लिए राजस्व संग्रह से संबंधित विभाग बेहतर कार्य करें। ऐसी व्यवस्था बनाएं, जिससे राजस्व संग्रह में नुकसान नहीं हो।

राजस्व संग्रह से संबंधित विभाग इस पक्ष पर ध्यान दें। ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कही। वे सोमवार को विभागीय सचिवों के साथ विभागवार बजट के विरुद्ध खर्च की गई राशि का विवरण, योजना बजट के विरुद्ध निर्गत स्वीकृति आदेश और व्यय की स्थिति की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। बैठक में सीएम ने आगामी बजट की तैयारी को लेकर निर्देश दिया।
कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई में आए गैप को पाटें
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी छोटे-बड़े कार्यों से संबंधित फोटोग्राफ और जिओ टैगिंग सुनिश्चित करें। कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड निर्गत करने की योजना है, ताकि बच्चों को पढ़ाई में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो। स्टूडेंट्स के लिए बन रहे हॉस्टल के निर्माण कार्य की पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। मॉडल स्कूल की कार्य प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराएं। संक्रमण के दौरान स्कूल बंद होने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हुए है। उनकी पढ़ाई में एक बड़ा गैप बन गया है। उस गैप को पाटने की जरूरत है। निर्मित हो रहे महिला महाविद्यालय को जल्द पूरा कराएं।
सड़कों के लिए लांग, मिड और शॉर्ट टर्म प्लान बनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण कार्य विभाग और पथ निर्माण विभाग को पथों के निर्माण को लेकर समन्वय बनाकर कार्य करने की जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाली सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता का ध्यान रखें। खराब हो चुकी सड़कों का जीर्णोद्धार होना चाहिए। सड़कों के लिए लांग, मिड और शॉर्ट टर्म प्लान बनाकर काम करें। शहर के कुछ क्षेत्रों को सुरक्षित जोन घोषित करने की योजना पर कार्य करें। खराब हो चुके सीसीटीवी को दुरुस्त कराएं। आज पूरी दुनिया सौर ऊर्जा की ओर बढ़ रही है। झारखंड में भी इस पर कार्य शुरू करें।












Click it and Unblock the Notifications