'YSRC नेताओं की जेब में जा रहा है केंद्र से जारी फंड', आंध्र प्रदेश सरकार पर डी पुरंदेश्वरी का बड़ा हमला
आंध्र प्रदेश भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डी. पुरंदेश्वरी ने प्रदेश की जगन मोहन रेड्डी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र को लेकर आंध्र प्रदेश सरकार जनता के बीच झूठ फैला रही है।
जगन मोहन सरकार पर निशाना साधते हुए डी. पुरंदेश्वरी ने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश के विकास के लिए जारी की गई केंद्र सरकार की धनराशि सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेताओं की जेब में जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही आंध्र प्रदेश सरकार झूठ फैला रही है कि केंद्र ने राज्य के लिए कुछ नहीं किया।

प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद डी. पुरंदेश्वरी ने पहली बार जगन मोहन सरकार को निशाने पर लिया है। मीडिया से बात करते हुए डी. पुरंदेश्वरी ने कहा, 'केंद्र सरकार ने राज्य में 1,57,800 घरों के निर्माण के लिए धनराशि जारी की थी और उत्तरी आंध्र के सभी जिलों के लिए घर आवंटित किए थे। लेकिन कुछ दिन पहले ही प्रदेश के मंत्री गुडीवाड़ा अमरनाथ कह रहे थे कि उन्होंने केवल 21,000 घर बनाए हैं। मैं मांग करती हूं कि राज्य सरकार इसपर एक श्वेत पत्र जारी करे।'
पुरंदेश्वरी ने आगे कहा कि विशाखापत्तनम में नई रेलवे डबलिंग के लिए केंद्र सरकार की तरफ से हजारों करोड़ रुपये आवंटित किए गए। इसके अलावा भोगापुरम तक छह-लेन राजमार्ग के लिए 6,300 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। राज्य सरकार को जनता को बताना चाहिए कि उसने कितनी सड़कें बनाई हैं।












Click it and Unblock the Notifications