दिल्ली: महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार का कदम, DTC बसों में लगे कैमरे और पैनिक बटन
नई दिल्ली, 05 अप्रैल: दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की 3,697 बसों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन लगाए गए हैं, जबकि 9,181 मार्शल तैनात किए गए हैं। इन बसों में मार्शलों की तैनाती के लिए सरकार की ओर से प्रतिमाह 13.06 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा को लेकर डीटीसी ने यह उठाया कदम है। हालांकि डीटीसी को 43 और बसों में इन सुविधाओं को उपलब्ध कराना है।

घाटे में चल रहे दिल्ली परिवहन निगम को वित्त वर्ष 2020-21 में 2.32 करोड़ रुपए की मासिक बचत हुई है। इस वित्त वर्ष में डीटीसी को कुल आय 454.42 करोड़ रुपए हुई। आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2020-21 में डीटीसी बसों पर प्रति किमी चलने की लागत 106 रुपए थी। डीटीसी ने वित्त वर्ष 2020-21 में ईंधन पर प्रतिमाह 28.63 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
सरकार ने वित्त वर्ष 2020-21 में महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा प्रदान करने पर 114.86 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। डीटीसी बेड़े में 3,762 बसें हैं, जिनमें से 3,760 सीएनजी, जबकि दो इलेक्टिक बसें हैं। डीटीसी कर्मचारियों के वेतन और बकाया सहित अपनी बसों को चलाने के लिए प्रतिमाह करीब 167.49 करोड़ रुपए खर्च करती है। 21 मार्च 2022 तक डीटीसी में 7,715 स्थायी कर्मचारी हैं, जबकि संविदा कर्मचारियों की संख्या 22,809 हैं।












Click it and Unblock the Notifications