जापान के हॉकी खिलाड़ियों के परिवारों को पसंद आया ओडिया भोजन, कही ये बात
योशिकावा के पिता ने कहा'हमारे समूह के कई सदस्य अंग्रेजी नहीं बोलते या समझते हैं, लेकिन भुवनेश्वर में रहने के दौरान हमें कभी भी किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा, लोग वास्तव में यहां बहुत सहयोगी हैं।

भुवनेश्वरः जापान के चार खिलाड़ियों के परिवार के सदस्यों ने ओडिशा के विरासत स्थलों की तारीफ की है। ये लोग ओडिशा में चल रहे एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप में अपने बेटों का मैच देखने आए हुए हैं। इनमें हॉकी खिलाड़ी योशिकावा ताकाशी, ओहाशी मसाकी, तकाडे टाकी और फुकुदा केंटारो के परिवार के सदस्य शामिल हैं।
योशिकावा के पिता ने कहा, 'ओडिशा दुनिया के सबसे समृद्ध बौद्ध विरासत वाले राज्यों में से एक है और हम धौली इंटरनेशनल पीस पैगोडा (शांति स्तूप) की बेहद विशेष मूर्तियों को देखकर मंत्रमुग्ध हैं। हमें पता चला कि इस ऐतिहासिक स्मारक को जापान बुद्ध संघ और कलिंग निप्पॉन बुद्ध संघ ने बनाया था। यह तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व में निर्मित भारत की सबसे पुरानी रॉक कट मूर्तिकला है।'
उन्होंने कहा, 'हमारे समूह के कई सदस्य अंग्रेजी नहीं बोलते या समझते हैं, लेकिन भुवनेश्वर में रहने के दौरान हमें कभी भी किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा, लोग वास्तव में यहां बहुत सहयोगी हैं। हमने 12वीं सदी के पुरी जगन्नाथ मंदिर और 13वीं सदी के कोणार्क मंदिर के दर्शन किए। मंदिरों की सुंदरता ओडिशा की प्राचीन कहानी के बारे में बताती है।'
उन्होंने आगे कहा, 'राज्य की विरासत और संस्कृति के अलावा, जापानी मेहमान ओडिया व्यंजनों का भी आनंद ले रहे हैं। हम पहली बार भुवनेश्वर आए हैं और यह एक अच्छा शहर है, यहां बहुत अच्छी जलवायु है। यहां का खाना बहुत स्वादिष्ट है और खचाखच भरे स्टेडियम में हॉकी मैच देखना शानदार है।'












Click it and Unblock the Notifications