सिरसा में 21 एकड़ में बनेगा मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल: दुष्यंत चौटाला
सिरसा में प्रस्तावित सरकारी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के निर्माण कार्य निर्धारित समय अवधि में पूरा किया जाए। यह निर्देश डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को चंडीगढ़ में मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग और वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए दिए।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण के साथ-साथ आवश्यक स्टॉफ की भर्ती के लिए भी अभी से तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी सीएम ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य के लिए उठाए गए कदमों की भी समीक्षा की।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को जानकारी देते हुए बताया कि सिरसा में करीब 21 एकड़ में बनने वाले इस गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल पर लगभग 1010.37 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसकी स्वीकृति मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से मिल चुकी है।
इस कॉलेज में जहां 100 सीटें एमबीबीएस में दाखिले की होंगी, वहीं हॉस्पिटल 539 बेड का होगा। इस दौरान बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के प्रत्येक जिला में एक गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल खोलने का निर्णय लिया है, ताकि राज्य के लोगों को नजदीक में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि सिरसा में यह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एन्ड हॉस्पिटल बनने से हरियाणा के लोगों को तो फायदा होगा ही, साथ लगते पंजाब और राजस्थान के लोगों को भी इससे लाभ होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिरसा के मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का निर्माण निर्धारित अवधि में पूरा किया जाए, इसके लिए धनराशि की कमी नहीं रहने दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications