हरियाणा सरकार प्रदेश के सभी गांवों में स्थापित करेगी डिजिटल लाइब्रेरी: दुष्यंत चौटाला
हरियाणा सरकार प्रदेश के सभी गांवों में स्थापित करेगी डिजिटल लाइब्रेरी: दुष्यंत चौटाला
डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला का कहना है कि सरकार सभी गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करेगी। उन्होंने नई चुनी गई पंचायतों व जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि गांव में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के लिए वे आगे आएं और हर जगह लाइब्रेरी की स्थापना सुनिश्चित करें। वे शुक्रवार को अपने आवास पर पंचकूला जिला के कई नवनिर्वाचित पंच-सरपंचों से बात कर रहे थे।

कालका के 35 सरपंचों और अनेक पंचों ने जजपा के साथ आने का ऐलान किया। दुष्यंत ने कहा कि लाइब्रेरी से ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं की शिक्षा के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी। विद्यार्थी गांव में ही प्रतियोगी परीक्षा संबंधी तैयारियां कर सकेंगे। दुष्यंत ने कहा कि नये चुने प्रतिनिधियों को आपसी भाईचारा कायम करते हुए ग्रामीण विकास में अपना अहम रोल निभाना है। इस मौके राज्य मंत्री अनूप धानक, हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन एवं जजपा राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, विधायक रामकरण काला, जजपा के प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह, पंचकूला के ग्रामीण जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग, शहरी अध्यक्ष भाग सिंह दमदमा आदि मौजूद रहे। उचाना हलके के गांव छात्तर के नवनिर्वाचित सरपंच ओमप्रकाश, गांव जीवनपुर के नवनिर्वाचित सरपंच राजबीर सहित पंचकूला से 35 नवनिर्वाचित सरपंचों व जनप्रतिनिधियों ने दुष्यंत से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास में पंचायतों की छोटी सरकार के रूप में बड़ी जिम्मेदारी होती है इसलिए प्रतिनिधियों को आधुनिक युग के अनुसार नई तकनीक का बेहतर तरीके से उपयोग करना होगा ताकि सरकार का डिजिटलाइजेशन का सपना साकार हो। दुष्यंत ने कहा कि सरकार द्वारा बनवाई जा रही डिजिटल लाइब्रेरी के लिए पंचायतें चौपालों आदि जगहों पर एक बड़े कमरे की व्यवस्था करें।
पचकूला जिले के प्यारेवाला गांव को सबसे पढ़ा-लिखा सरपंच मिला है। रविंद्र चौधरी गांव के सरपंच बने हैं। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से बी-टैक और एम-टैक के साथ-साथ उन्होंने कुरुक्षेत्र से ही एमबीए भी की हुई है। एमएमयू से उन्होंने एम-टैक की हुई है। इग्नू से इंग्लिश में एमए की है और आईआईटी कानपुर से ब्लॉक-चेन में प्रोफेशनल सर्टिफिकेट हासिल किया हुआ है। डिजिटल मार्केटिंग में गुगल सर्टिफिकेट भी रविंद्र ने हासिल किया है। इस तरह से वे सेमसंग 4जी/5जी इंस्टॉलेशन में सर्टिफाइड इंजीनियर हैं। रविंद्र ने भी शुक्रवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला से मुलाकात कर गांव के विकास पर चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications