CCTV की निगरानी में उचाना, कंट्रोल रूम से अपराध पर लगेगी लगाम, पुलिस को मिलेगी मदद: डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़, 6 सितंंबर: प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने उचाना सिविल लाइन थाना में प्रदेशभर में तहसील स्तर पर उच्च गुणवत्ता एवं क्षमता युक्त सीसीटीवी कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। यह कंट्रोल रूम करीब 35 लाख रूपए की लागत से तैयार हुआ है। इसके अंतर्गत उचाना शहर में 21 लोकेशनों को 80 सीसीटीवी कैमरों द्वारा कवर किया जाएगा।

डिप्टी सीएम चौटाला ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम स्थापित होने से उचाना शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा का माहौल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह कंट्रोल रूम सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के लिए तीसरी आंख का काम करेगा और सीसीटीवी कैमरों के लगने से शहर की प्रत्येक मुख्य कॉलोनियों और चौराहों पर हर वक्त पुलिस की चौकसी व निगरानी रहेगी।
डिप्टी सीएम चौटाला ने कहा कि इन कैमरों के लगने से शहर में लूटपाट, चोरी जैसी अन्य आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने में पुलिस विभाग को अतिरिक्त सहयोग मिलेगा। डिप्टी सीएम चौटाला ने कहा कि इन कैमरों में हाईवे पर चलने वाले प्रतिदिन एक लाख वाहनों की कवरेज की क्षमता है। इतना ही नहीं तेज गति से चल रहे वाहन की भी नम्बर प्लेट तथा वाहनों के अन्दर बैठे व्यक्तियों की कवरेज हो सकेगी। उन्होंने कहा कि उचाना के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी गठित होने वाली आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र बिजरानिया ने कहा कि आज के युग में इस तरह की आधुनिक तकनीकी के उपयोग की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधी को ढूंढने में सहायक सिद्ध होंगे। इस मौके पर उपायुक्त डा. मनोज कुमार, एसडीएम उचाना राजेश खोथ, जुलाना के विधायक अमरजीत ढांडा, जजपा के जिला प्रधान कृष्ण राठी व पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications