नारनौल शहर की सभी मुख्य चार सड़कों की रीमॉडलिंग की जाएगी: डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला
नारनौल, 18 जुलाई। शहर की सभी मुख्य चार सड़कें चौड़ी की जाएंगी। इसके लिए सरकार ने अलग से बजट रखा है। अमृत योजना का दूसरा फेज आने वाला है। इसमें सभी शहरों की पेयजल और सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त की जाएंगी। शहर के विकास में बजट की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। ये बातें उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को लघु सचिवालय के पास स्थित सभागार में नगर परिषद की चेयरपर्सन और पार्षदों के शपथग्रहण समारोह के बाद आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री को बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होना था लेकिन किन्हीं कारणों से वे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पहुंचे। इसके बाद मौके पर जजपा के बैनर तले हुए कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि स्थानीय विकास में छोटी सरकार की भूमिका अहम होती है। प्रदेश में बड़ी सरकार योजनाएं बनाने का काम करती है लेकिन उसे धरातल पर लागू करने का कार्य छोटी सरकार करती है। उन्होंने नवनियुक्त चेयरपर्सन कमलेश सैनी को बधाई देते हुए कहा कि यह परिवार शुरू से ही लोगों की सेवा को समर्पित रहा है। भानाराम के समर्पण को याद करते हुए कहा कि आमजन के सुखदुख में यह परिवार हमेशा आगे रहा है। यही कारण है कि यहां की चेयरपर्सन को जनता ने रिकॉर्ड मतों से जिताया है। उन्होंने पार्षदों से कहा कि वे नारनौल के विकास कार्य में अपना योगदान दें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार से नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने शपथ लेते ही विकास का रोड मैप सामने रखा है, यह उनकी विकासपरक सोच का परिचायक है। सरकार का प्रत्येक विभाग नारनौल शहर के विकास के लिए कार्य करेगा।
चौटाला ने कहा कि नारनौल शहर की सभी मुख्य चार सड़कों की रीमॉडलिंग की जाएगी। ये सड़कें चौड़ी की जाएंगी। इसके लिए सरकार ने अलग से बजट रखा है। अमृत योजना का दूसरा फेज आने वाला है। इसमें सभी शहरों की पेयजल व सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने नगर पंचायत की चेयरपर्सन एवं जिलाध्यक्ष की ओर से रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। कहा कि नगर परिषद की ओर से जितनी जल्दी इस्टीमेट आएगी, उतना ही जल्द काम होगा।
इस मौके पर जननायक जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कंवर सिंह कलवाड़ी, प्रदेश महासचिव मंजू चौधरी, राष्ट्रीय सचिव अनीता यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अभिमन्यु राव, पूर्व चेयरपर्सन भारती सैनी, रमेश पालड़ी, तेजप्रकाश एडवोकेट, सुलोचना ढिल्लो, एडवोकेट अजय चौधरी, प्रवक्ता सिकंदर गहली, सुरेंद्र पटीकरा, कैलाश पालड़ी, जाट सभा प्रधान विजयपाल एडवोकेट आदि मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications