महाराष्ट्र में पीएम मोदी के चेहरे पर लड़ेंगे चुनाव: डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस
Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ महायुति में भी बैठकों का दौर शुरू हो गया है। महाराष्ट्र में मिशन 48 के तहत शुक्रवार को महायुति के घटक दलों बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी (अजित पवार गुट) की बैठक वर्ली के एनएससीआई में हुई।
इस बैठक में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मा. केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले सहित विभिन्न दलों के विधायक, सांसद और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने महाराष्ट्र में मिशन 48 की घोषणा की।

महायुति की बैठक में तीनों दलों ने एक सुर में कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार तय हो चुका है। हमारे बीच कोई मतभेद नहीं है। इस दौरान डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। मोदी ने देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है, जिसका फायदा महाराष्ट्र को भी मिल रहा है।
इस दौरान उन्होंने पूछा कि विपक्ष अपना कोई एक उम्मीदवार तो बताएं? उन्होंने चुटती लेते हुए कहा कि इंडी गठबंधन अब भिंडी गठबंधन बन चुका है। इस दौरान डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जोर देकर कहा कि महायुति के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताना चाहिए।
विपक्ष सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है। इसका हमें आक्रामकता से जवाब देने की जरूरत है। पार्टी पदाधिकारियों को अपने मतभेद भुलाकर लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लग जाने की जरूरत है, क्योंकि देश के विकास के लिए मोदी का चुनकर आना जरूरी है। इसमें महाराष्ट्र की 48 सीटों का योगदान अहम होगा।
उन्होंने कहा कि महायुति में तीनों दलों का गठबंधन फेविकोल का जोड़ है, यह नहीं टूटेगा। कहा कि सिर्फ लोकसभा चुनाव ही नहीं बल्कि विधानसभा चुनाव में भी महायुति का ही विजय ध्वज फहराएगा।












Click it and Unblock the Notifications