ब्रिटिश काउंसिल के साथ दिल्ली सरकार का एक समझौता, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बताए फायदे
नई दिल्ली, मार्च 10। दिल्ली सरकार ने शैक्षिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए ब्रिटिश काउंसिल के साथ शिक्षा, अंग्रेजी भाषा और कला के क्षेत्रों के तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन का नवीनीकरण किया है। इसका उद्देश्य दिल्ली के युवाओं के लिए वैश्विक अवसर पैदा करना है। रविवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने नवीनीकरण प्रक्रिया के तहत भारत में ब्रिटिश काउंसिल की निदेशक बारबरा विक्हम ओबीई के साथ इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

वहीं, शिक्षा निदेशालय ने प्रीमियर लीग प्राइमरी स्टार्स प्रोजेक्ट के माध्यम से खेल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी ब्रिटिश काउंसिल के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह प्रोजेक्ट शैक्षिक विकास और फुटबाल के अच्छे अभ्यास की समझ बढ़ाने के साथ स्कूल के कोच और शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए है। शिक्षा निदेशक हिमांशु गुप्ता व ब्रिटिश काउंसिल नार्थ इंडिया की निदेशक राशि जैन ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौते से संबंधित जानकारी के देते हुए डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बताया कि दिल्ली सरकार का विजन शिक्षा का एक ऐसा ईको-सिस्टम बनाना है, जो समाज के हर तबके के छात्रों और युवाओं को बेहतर शिक्षा व सामाजिक मोबिलिटी के अवसरों तक पहुंचने में सक्षम बनाए। दिल्ली सरकार के स्कूलों में टीचिंग-लर्निग की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में ब्रिटिश काउंसिल और यूके विश्वसनीय भागीदार रहे हैं।
भारत में ब्रिटिश काउंसिल की निदेशक बारबरा विक्हम ओबीई ने कहा कि हमें दिल्ली सरकार के साथ साझेदारी के नवीनीकरण पर गर्व है। हम स्कूलों में टीचिंग-लर्निग की गुणवत्ता को बेहतर करने और शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीयकरण सहयोग के लिए उनके विजन को सहयोग करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications