G-20 Summit: दिल्ली सरकार की टीमें करेंगी वायु गुणवत्ता की निगरानी
जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान देश की राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक है या नहीं इसकी निगरानी खुद दिल्ली सरकार करेंगी। अधिकारियों ने इस बाबत जानकारी देते हुए शुक्रवार को बताया कि इसके लिए कुछ विशेष दलों का गठन किया गया है।
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, प्रत्येक जिले के लिए 11 दलों का गठन किया गया है, जिसमें संबंधित जिलाधिकारी, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के उपायुक्त और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारी शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि यह दल धूल रोकने के लिए पानी के छिड़काव और मशीनीकृत सफाई जैसे कदम उठाएंगे। जी-20 नेताओं का शिखर सम्मेलन शनिवार और रविवार को प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र - भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'केंद्रित दृष्टिकोण के परिणाम दिखाने शुरू हो गए है क्योंकि शुक्रवार शाम को वायु गुणवत्ता का स्तर 83 के संतोषजनक स्तर पर रहा। एक दिन पहले यह 87 पर था।'
अधिकारी ने कहा, 'एमसीडी, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद और लोक निर्माण विभाग जैसे विभिन्न निकाय धूल प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए पानी के छिड़काव और मशीनीकृत उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं।'
अधिकारियों ने कहा कि बारिश जैसे कारकों की भी इसमें भूमिका रही जिससे धूल उड़ने से रोकने में मिलती है। शिखर सम्मेलन के मद्देनजर छुट्टियों की घोषणा के कारण सड़कों पर वाहन कम हो गए हैं और हवा स्वच्छ हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications