कोरोना से पढ़ाई को हुए नुकसान की भरपाई कर रही है दिल्ली सरकार: मनीष सिसोदिया
नई दिल्ली, 14 जून: उपमुख्यमंत्री और राज्य के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को कहा है कि दिल्ली सरकार सरकारी स्कूलों में कोविड-19 की वजह से विद्यार्थियों की पढ़ाई को हुए नुकसान की भरपाई के लिए काम कर रही है। सिसोदिया के पास दिल्ली के शिक्षा मंत्री का भी प्रभार है। उन्होंने यह टिप्पणी 'मिशन बुनियाद' की स्थिति की समीक्षा करने के लिए दो सरकारी स्कूलों का दौरा करने के दौरान की।

'मिशन बुनियाद' कार्यक्रम दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अध्ययन कौशल सुधारने के लिए शुरू किया गया है। सिसोदिया ने कहा कि महामारी के बाद स्कूलों को दोबारा खोलने के बाद से ही हमने विभिन्न पहलों से महामारी की वजह से बर्बाद हुई पढ़ाई की भरपाई के लिए काम करना शुरू कर दिया था।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में की गई पहलों में से एक पहल मिशन बुनियाद है। इसका उद्देश्य पढ़ाई में आए अंतर को दूर करना और तीसरी से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की पढ़ने, लिखने और मूलभूत गणित की क्षमता को सुधारना है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के साथ गत दो साल विद्यार्थियों के लिए मुश्किल भरे रहे हैं और इसने पढ़ाई के अंतर को बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते हैं कि यह पीढ़ी इस पढ़ाई के अंतर के साथ आगे बढ़े। यह सुनिश्चित करने के लिए हमारे शिक्षक पिछले दो महीने से विद्यार्थियों के साथ कर्मठता से काम कर रहे हैं ताकि मिशन बुनियाद कक्षाओं में उनकी पढ़ने-लिखने और मूलभूत गणित कौशल में सुधार हो।












Click it and Unblock the Notifications