छह घंटे तक चली तेलंगाना कैबिनेट की बैठक, जनता के हित में लिए गए ताबड़तोड़ फैसले
तेलंगाना सरकार की कैबिनेट बैठक में सोमवार को कई अहम फैसले लिए गए। लगभग छह घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद सबसे बड़ा मुद्दा रहा।
तेलंगाना कैबिनेट ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनमें बारिश और बाढ़ से प्रभावित जिलों में राहत और मरम्मत कार्यों के लिए 500 करोड़ रुपये जारी करना, मेट्रो रेल सेवाओं की 69,100 करोड़ रुपये की विस्तार योजना को मंजूरी देना और सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) का तेलंगाना सरकार के साथ विलय शामिल है।

मंत्रिमंडल ने हाकिमपेट में मौजूदा डिफेंस एयरपोर्ट से यात्री उड़ान संचालन की संभावना पर विचार करने का भी निर्णय लिया, चूंकि शमशाबाद हवाई अड्डा हर साल लगभग 2.5 करोड़ यात्रियों को हैंडल कर रहा है। कैबिनेट ने हाकिमपेट हवाई अड्डे से यात्री उड़ानों की अनुमति देने के लिए केंद्र से अनुरोध करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही कैबिनेट ने वारंगल में ममनूर हवाई अड्डे के विकास और पुनरुद्धार को भी मंजूरी दी।
बाढ़ राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने वित्त विभाग को तुरंत आदेश और धनराशि जारी करने का निर्देश दिया। यह धनराशि बाढ़ के कारण कृषि क्षेत्रों में जमा रेत को हटाने, अन्य राहत कार्यों के अलावा क्षतिग्रस्त सड़कों, नहरों और टैंक बांधों को बहाल करने के साथ ही अस्थायी मरम्मत कार्यों के लिए है।












Click it and Unblock the Notifications