अखिलेश-कांग्रेस विवाद पर सीएम शिवराज ने दी प्रतिक्रिया, कहा- बनने से पहले ही टूट गया INDI गठबंधन
Shivraj Singh Chouhan: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस के बीच टिकट बंटवारे को लेकर हुए विवाद पर अब भाजपा नेता और सीएम शिवराज सिंह चौहान की प्रतिक्रिया आई है। विदिशा पहुंचे सीएम शिवारज सिंह चौहन ने कहा, 'इनका गठबंधन बनने से पहले ही टूट गया।'
विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए विदिशा पहुंचे मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'जैसे बाढ़ का पानी आने पर एक ही पेड़ पर आदमी, बंदर, सांप... पता नहीं कितने जीव जंतु इकट्ठे हो जाते हैं। क्योंकि, नीचे बाढ़ का पानी दिख रहा होता है। वैसे ही ये विरोधी दल वाले थे।'

सीएम चौहान ने कहा कि इन्होंने INDI गठबंधन बना लिया और सब इकट्ठा हो गए। लेकिन, इनका गठबंधन बनने से पहले ही टूट गया। अभी सपा के अखिलेश यादव कह रहे थे कि कांग्रेसियों ने धोखा दिया। रात भर बिठाया और हमें सीटें नहीं दी, हम तो अलग चुनाव लड़ेंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम चौहान इंडिया गठबंधन पर सवाल भी दागा।
उन्होंने पूछा कि एमपी में कांग्रेस, सपा और आम आदमी पार्टी तीनों दल चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में यह कैसा गठबंधन है? कांग्रेस ने एमपी के लिए अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया और अब पार्टी के भीतर ही विरोधाभास है। इस गठबंधन का कोई भविष्य नहीं है। पूरी तरह बनने से पहले ही यह गठबंधन खत्म हो जाएगा।
इस दौरान बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब आज इस गठबंधन की ये स्थिति है कि ये आपस में लड़ रहे हैं तो इनके हाथों में देश और प्रदेश का भविष्य कैसा होगा। इससे पहले सीएम शिवराज ने कहा था कि ये कैसा I.N.D.I. गठबंधन है ? इनकी आपस में ही नहीं बन रही...दिल्ली में दोस्ती और मध्यप्रदेश में कुश्ती चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications