स्कूलों में बच्चों को पाठ्य-पुस्तक वितरण में हुई देरी से नाराज हुए सीएम मनोहर लाल, दिया यह आदेश
चंडीगढ़, 17 जून। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पाठ्य-पुस्तकों के वितरण में हो रही देरी पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल नाराज हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही सभी बच्चों को हर हाल में पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री की नाराजगी के चलते शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को सभी मुद्रकों व प्रकाशकों की बैठक बुलाई और उन्हें हर हाल में सात जुलाई तक पाठ्य पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में फिलहाल गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं।
हरियाणा सरकार की योजना के तहत स्कूलों में पहली से आठवीं क्लास तक के बच्चों को मुफ्त में पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं। इस बार इसमें इसलिए देरी हुई है, क्योंकि पाठ्यक्रम में बदलाव हुआ है और नई पुस्तकें छपनी हैं।
सेकेंडरी शिक्षा विभाग के महानिदेशक डा. जे गणेशन और मौलिक शिक्षा निदेशक डा. अंशज सिंह ने मुद्रकों के साथ बैठक कर उन्हें पाठ्य पुस्तकों के वितरण में हो रही देरी पर सरकार की नाराजगी से अवगत कराया। उन्होंने मुद्रकों को पुस्तकों के मुद्रण और वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग के अधिकारिओं ने कहा कि स्कूल खुलते ही हर बच्चे के हाथ में किताब होनी चाहिये, क्योंकि पाठ्यक्रम में बदलाव के चलते पहले से ही पुस्तक वितरण में काफी देरी हो चुकी है और इस मामले में कोई देरी नही होनी चाहिए। अधिकतर प्रकाशकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से समय मांगते हुए भरोसा दिलाया कि सात जुलाई तक सभी स्कूलों में किताबों का वितरण सुनिश्चित करा दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications