पंजाब: 'शहीदों पर पेश प्रस्ताव से वॉकआउट नहीं करना चाहिए था', कांग्रेस पर सीएम मान का हमला
कांग्रेस विधायकों के सदन से वॉकआउट पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को शहीदों पर पेश प्रस्ताव से वॉकआउट नहीं करना चाहिए था।

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा में बजट सत्र के आखिरी दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान भी सदन में मौजूद रहे। हलवारा एयरपोर्ट का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सदन में रखा। इस बीच मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों के बारे में बात करना सूर्य को दिया दिखाने जैसा है। उन्होंने कहा कि मई के महीने या जून के दूसरे सप्ताह में पहली घरेलू उड़ान हलवारा हवाईअड्डे से शुरू होगी। इससे लुधियाना के व्यापारियों को काफी फायदा होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से पेश प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
कांग्रेस विधायकों के सदन से वॉकआउट पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को शहीदों पर पेश प्रस्ताव से वॉकआउट नहीं करना चाहिए था। उन्होंने सदन में उपस्थित विधायकों से कहा कि वे स्कूली बच्चों को विधानसभा लेकर आएं, इससे बच्चों को विधानसभा के बारे में जानकारी मिलेगी। कांग्रेसी भले ही सेशन में आएं या न आएं, लेकिन स्कूली बच्चे जरूर आने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर बच्चे क्लास में नहीं जाएंगे तो बच्चे फेल हो जाएंगे और उन्हें क्लास में बैठने नहीं दिया जाएगा, यही कानून कांग्रेस के विधायकों पर भी लागू होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने एयरपोर्ट के लिए फंड जारी कर दिया है। एयरपोर्ट की चारदीवारी का काम चल रहा है और टर्मिनल का काम भी जल्द शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि साहनेवाल हवाईअड्डे पर छोटे विमान उतरते थे, लिहाजा, इससे व्यापारियों को बड़ा लाभ होगा।












Click it and Unblock the Notifications