CM हेमंत का वादा, घर-घर देंगे निर्बाध बिजली; 100 यूनिट तक मिल रहा फ्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य के हर घर तक निर्बाध बिजली पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति के लिए सरकार कृतसंकल्प है। मुख्यमंत्री सोमवार को जरमुंडी के 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन एवं संबंधित डबल लाइन लिलो (लूप इन-लूपआउट) संचरण लाइन का ऑनलाइन उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ग्रिड के शुरू होने से दुमका एवं देवघर के कई इलाके जैसे बासुकीनाथ तीर्थ स्थल, तालझारी, घोरमारा, जरमुंडी, सोनारायठाड़ी में बिजली की समस्या से निजात मिलेगी। आने वाले समय में यह ग्रिड सब-स्टेशन अलग-अलग ग्रिडों सेभी जुड़ेगा।

बिजली की महत्ता से कोई अपरिचित नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली की महत्ता से आज कोई भी अपरिचित नहीं है। बिना बिजली विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री ने झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड एवं झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के पदाधिकारियों, कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनलोगों ने राज्य के हर नागरिक को निर्बाध व गुणात्मक बिजली उपलब्ध कराने का दृढ़ संकल्प लिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि दुमका एवं देवघर जिले में पहले बिजली की कमी थी लेकिन वहां अब निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी। अब 80 मेगावाट अतिरक्ति बिजली मिलने से बासुकीनाथ तीर्थ स्थल, तालझारी, घोरमारा, जरमुण्डी, सोनारायठाड़ी आदि क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति होगी।
100 यूनिट तक मुफ्त बिजली दे रही सरकार
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार बेहतर बिजली आपूर्ति के साथ-साथ वैसे उपभोक्ता परिवार जिनकी मासिक खपत सौ यूनिट से कम है, उन्हें मुफ्त बिजली दे रही है। सरकार जनकल्याण के साथ कार्य कर रही है। हमारी सरकार ने बकाए बिजली बिल पर भी राहत देने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज काफी शुभ दिन है। देवघर एवं दुमका में बाबा बासुकीनाथ एवं श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ यहां पावर ग्रिड सब-स्टेशन का भी शुभारंभ हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निर्बाध बिजली के लिए बड़े पैमाने पर सरकार बिजली ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण करा रही है। ग्रिड सब-स्टेशन बनने से बिजली आपूर्ति में आ रही रुकावटें व लो वोल्टेज की समस्या का समाधान किया जा सकेगा।
जरमुंडी में 132/33 केवी ग्रिड का उद्गाटन किया
इस अवसर पर कृषि मंत्री बादल ने कहा कि दुमका एवं देवघर के लिए आज विशेष दिन है। जरमुंडी के तालझारी में 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन जरमुंडी एवं द्विपथ लिलो संचरण लाइन का उद्घाटन होना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक काम किया जा रहा है। अब इन क्षेत्रों में लोगों को बिजली की समस्या से निजात मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications