'नफरत की राजनीति के खिलाफ धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करेगी बीआरएस की रैली'
अजय कुमार ने कहा है कि 'पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक न्याय और संघीय भावना को रौंद डाला है, जबकि आरएसएस लोगों पर अपनी विचारधारा थोपने की कोशिश कर रहा है।

हैदराबादः तेलंगाना के परिवहन मंत्री पुववाड़ा अजय कुमार ने कहा है कि खम्मम में भारत राष्ट्र समिति की जनसभा भाजपा-आरएसएस गठबंधन की सांप्रदायिक और नफरत की राजनीति के खिलाफ लड़ने के लिए धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील ताकतों को मजबूत करने की नींव रखने जा रही है। खम्मम में 18 जनवरी को बीआरएस की पहली ऐतिहासिक जनसभा होने जा रही है।
अजय कुमार ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में केंद्र में भाजपा सरकार द्वारा लिए गए विभिन्न नीतिगत निर्णयों को देखते हुए, यह स्पष्ट है कि पार्टी ने अपनी विफलता छिपाने के लिए समाज के बीच नफरत को बढ़ावा देने में शातिरपना दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्पष्ट नीति है- 'मजबूत केंद्र-कमजोर राज्य', और वो इसी सिद्धांत पर चलते हैं। बीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव अपनी खम्मम बैठक के जरिए एक मजबूत संदेश देंगे कि उन नीतियों को अब और बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, 'पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक न्याय और संघीय भावना को रौंद डाला है, जबकि आरएसएस लोगों पर अपनी विचारधारा थोपने की कोशिश कर रहा है। इस समय भारत धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वालों के गंभीर हमले का शिकार है। मोदी का नारा 'सबका साथ, सबका विकास' पूरी तरह झूठा है। देश की विविधता को नष्ट करना, भाजपा द्वारा झूठ और धार्मिक कट्टरता के माध्यम से सामाजिक ताने-बाने को तोड़ना ही इस सरकार की नीति है। केंद्र की विनाशकारी आर्थिक नीतियों ने भारत को दुनिया के सबसे असमान देशों में से एक बना दिया।'












Click it and Unblock the Notifications