मनोहर लाल के नेतृत्व में ही अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा

गुजरात व हिमाचल प्रदेश के चुनाव नतीजों के बाद चल रही तमाम अटकलों के बीच भाजपा का शीर्ष नेतृत्व हरियाणा में किसी तरह का नया प्रयोग करने के मूड में नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश सरकार के मुखिया बने रहेंगे और उन्हीं के नेतृत्व में साल 2024 का विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। अगर कुछ थोड़ा बहुत बदलाव होना है तो मंत्रिमंडल के सदस्यों में हो सकता है। इसका निर्णय भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर ही छोड़ा गया है।
मंत्रियों की परफारमेंस रिपोर्ट पार्टी के पास
राज्य सरकार के मंत्रियों की परफारमेंस रिपोर्ट पार्टी के पास पहुंच चुकी है। कुछ मंत्री ऐसे हैं, जो बढ़िया काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ मंत्रियों के कामकाज में सुधार की जरूरत महसूस की गई है। पहले ऐसे मंत्रियों को अपने कामकाज में सुधार करने के लिए बोला जा रहा है। यदि वह इस पर खरे नहीं उतरते तो नए विधायकों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मंत्रिमंडल में मौका मिल सकता है।
मंत्रियों के कामकाज और विभागों में बदलाव की संभावना एक पखवाड़े से बनी हुई थी। एक समान प्रवृति वाले करीब दो दर्जन सरकारी विभागों को आपस में समायोजित कर एक विभाग बनाया गया है। तीन सदस्यीय कमेटी की सिफारिशों को पिछले दिनों हुई मंत्रिमंडल की बैठक में भी रखा गया था, लेकिन इस पर अभी क्लीयरेटी नहीं आई है। इसलिए इस मुद्दे को फिलहाल ड्राप कर दिया गया है।
इस दौरान प्रदेश में अफवाह फैली कि राज्य सरकार में बदलाव हो सकता है। यह अफवाह भी उस स्थिति में फैली, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ कई केंद्रीय मंत्रियों द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कामकाज और सरकार की परफारमेंस की दिल खोलकर तारीफ की जा चुकी है। यहां तक कि राष्ट्रपति ने भी अपने हरियाणा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की जन कल्याण की योजनाओं को खूब सराहा था। ऐसी चर्चाएं पूर्व में भी कई बार चलाई जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री जब भी दिल्ली जाते हैं, तभी अटकलों का बाजार गर्म कर दिया जाता है। मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव ने तो एक ट्वीट कर यहां तक कह दिया कि अफवाहों का कोई सिर पैर नहीं होता। हरियाणा में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है।
विधानसभा चुनाव और दिल्ली एमसीडी पर चर्चा
मनोहर लाल, बिप्लब देब और ओपी धनखड़ के बीच हुई मंत्रणा प्रदेश में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के बीच मुलाकात हुई है। बताया जाता है कि इस दौरान गुजरात, हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव और एमसीडी दिल्ली के चुनाव नतीजों पर चर्चा हुई है।
2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव पर हुई चर्चा
बता दें कि हाल ही में आदमपुर उपचुनाव में भाजपा की शानदार जीत हुई है। इससे पहले राज्यसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ने कार्तिकेय शर्मा को चुनाव जितवाया है। पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा अध्यक्ष ओपी धनखड़, मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सभी जिलों में गठबंधन के जिला परिषद के चेयरमैन बनने की संभावना जताई है। बिप्लब देब, ओपी धनखड़ व मनोहर लाल की मुलाकात में साल 2024 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव की रूपरेखा तथा सरकार व संगठन के बीच तालमेल बढ़ाने पर विचार विमर्श किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications