MP News: दिग्विजय सिंह के कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में उतरने पर BJP का तंज, नरोत्तम मिश्रा ने दे दी वॉर्निंग
भोपाल, 30 सितंबर: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अशोक गहलोत के पीछे हटने के बाद अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम पद के दावेदारों में आगे बताया जा रहा हैं। वो अध्यक्ष पद के चुनाव में शुक्रवार को पर्चा भर सकते हैं। दिग्विजय सिंह कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक हैं। वो अध्यक्ष पद का पर्चा भरने के लिए यात्रा बीच में छोड़ आए हैं। लेकिन दिग्विजय सिंह के कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने पर उनके गृह राज्य मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि "दिग्विजय सिंह को कमलनाथ ही अध्यक्ष नहीं बनने देंगे। ये मैंने पहले ही कह दिया था। अब भी कह रहा हूं, दिग्विजय सिंह अध्यक्ष नहीं बन पाएंगे। कमलनाथ की चक्की पीसती धीरे है, मगर पीसती बारीक है।"

एमपी बीजेपी के नेताओं ने दिग्विजय सिंह की उड़ाई खिल्ली
राज्य के अन्य बीजेपी नेताओं ने भी दिग्विजय सिंह की खिल्ली उड़ाई है। बीजेपी (BJP) नेताओं ने कहा है जहां-जहां उनके पांव पड़े, वहां-वहां बंटाधार हुआ है। दरअसल मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्विजय सिंह के कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने पर कहा,''हम तो चाहते हैं कि वह अध्यक्ष बनें।'' उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के जहां-जहां पांव पड़े,वहां-वहां बंटाधार हुआ है। दिग्विजय जब प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे तो प्रदेश का बंटाधार किया,अब कांग्रेस का आगे भगवान ही मालिक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुट और गिरोह में बंटी हुई पार्टी है,उन्हें केवल पद लोलुप्ता के कारण राजनीति करनी है। राहुल गांधी पार्टी को जोड़ नहीं पा रहे और भारत जोड़ने की बात करते हैं।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कही ये बात
मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने कहा है कि अगर दिग्विजय सिंह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं तो खुशी की बात होगी। कांग्रेस एक परिवार तक सिमट कर रह गई है और अगर परिवार नहीं आएगा तो परिवार का दरबारी आएगा। शर्मा ने कहा कि जब पार्टी का कोई संगठन ही नहीं होगा तो लोग कहां से मिलेंगे। कांग्रेस में एक ही परिवार सब कुछ बनता रहा है. इसी वजह से कांग्रेस अस्तित्व खोती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications