ओडिशा में भाजपा पर भड़की BJD, कहा- 'भारी पड़ेगा महिलाओं का अपमान'
बीजेडी की प्रवक्ता श्रीमयी मिश्रा ने कहा कि मिशन शक्ति आंदोलन ओडिशा में महिला सशक्तिकरण में एक क्रांति के रूप में उभरा है।
ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल ने शनिवार को भाजपा पर निशाना साधा और उसके नेताओं पर अपमानजनक टिप्पणी कर स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिला सदस्यों का अपमान करने का आरोप लगाया।
राज्य में महिलाओं के खिलाफ कथित अत्याचारों को लेकर भाजपा के आरोप का जोरदार जवाब देते हुए पार्टी प्रवक्ता श्रीमयी मिश्रा ने कहा कि मिशन शक्ति आंदोलन ओडिशा में महिला सशक्तिकरण में एक क्रांति के रूप में उभरा है। SHG सदस्यों के आर्थिक सशक्तिकरण ने देश में एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा, 'भाजपा के नेता इसीलिए झूठे दावे कर रहे हैं क्योंकि वे इसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।'

श्रीमयी मिश्रा ने कहा कि भाजपा द्वारा महिला एसएचजी सदस्यों पर किए गए हमले बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि भगवा पार्टी राज्य में महिलाओं के बढ़ते सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के प्रति असहिष्णु है क्योंकि वे चाहते हैं कि महिलाएं अपने घरों की चार दीवारी तक ही सीमित रहें।
उन्होंने आगे कहा कि पदमपुर और झारसुगुड़ा विधानसभा क्षेत्रों में जनता ने भाजपा को नकार दिया, क्योंकि भाजपा नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान बीजद की महिला उम्मीदवारों को अपमानित किया। लेकिन, ये लोग अपनी पिछली गलतियों से सीखना नहीं चाहते। महिलाओं का अपमान आने वाले दिनों में भाजपा को और नुकसान पहुंचाएगा।












Click it and Unblock the Notifications