बिहार में मोबाइल पर दिखेगी जमीन के दाखिल खारिज की स्थिति, अधिक भाड़ा लेने वाली बसों पर होगी कार्रवाई
पटना। बिहार में आम लोगों की सुविधा के लिए सरकार के प्रयासों का असर दिख रहा है। आम लाेगों की शिकायतें दूर कर करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर सोमवार को जनता दरबार लगाते हैं, वहीं भाजपा और जदयू के मंत्री अपनी पार्टियों के प्रदेश कार्यालय में हर रोज लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं। इस कड़ी में सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने बताया कि अब दाखिल खारिज के आवेदन की स्थिति मोबाइल पर भी देखी जा सकती है। उन्होंने जमीन की व्यवस्था से जुड़े और भी कई सुविधाओं की जानकारी दी। दूसरी तरफ परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा कि अधिक किराया वसूलने वाली बसों का परमिट रद किया जाएगा।

जमीन का नक्शा आनलाइन आर्डर पर हो रहा डिलिवर
सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने जमीन का नक्शा आनलाइन डिलीवरी करने का बड़ा काम किया है। अब दाखिल खारिज के आवेदन भी आनलाइन देखे जा सकते हैं। मंत्री गुरुवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित सेवा समर्पण ई-सेमिनार में बोल रहे थे। रामसूरत राय ने कहा कि प्रदेश के अंचलों में अमीन की भारी कमी थी, अब एक अंचल में तीन से चार अमीन बहाल हो चुके हैं। चकबंदी योजना बिहार के किसानों के लिए वरदान होगी। इसमें छोटे भू-स्वामियों का छोटा छोटा प्लाट एक जगह हो जाएगा, तब उन्हें इसका हर तरह से लाभ प्राप्त होगा। डिजिटल कार्यों में दुनिया में बिहार को 125वां स्थान मिला है।
पर्यटन स्थलों का विकास कर रही सरकार
इस मौके पर पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद ने कहा कि राजगीर में गंगा का पानी पहुंचाने का काम हो रहा है। मंदिरों का सुंदरीकरण भी किया जा रहा है। केसरिया, बोधगया, वैशाली को एक नया वैभवशाली रूप दिया जा रहा है। बिहार के पर्यटन क्षेत्रों को देश के मानचित्र पर लाया जाएगा। इस सेमिनार का मंच संचालन अमृता भूषण ने किया। इस दौरान राकेश कुमार सिंह, राजेश झा राजू, प्रवीण राय पटेल, अमित ठाकुर, विक्की सिंह समेत अन्य नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मनमाना किराया वसूलने वाले बस मालिकों के परमिट रद्द किए जा रहे : शीला
इधर, जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जन-सुनवाई कार्यक्रम में परिवहन मंत्री शीला मंडल ने गुरुवार को कहा कि मनमाना किराया वसूलने वाले बस मालिकों को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। जिन बस मालिकों द्वारा ऐसा किया जा रहा है उनके परमिट रद्द कर उन पर जुर्माना लगाए जाने का आदेश भी दिया गया है। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जन-सुनवाई कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत के क्रम में परिवहन मंत्री ने यह बात कही। जन-सुनवाई कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव व समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी भी मौजूद थे। समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि जन-सुनवाई कार्यक्रम बहुत ही असरदार साबित हो रहा है। राज्य भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान मौके पर हो रहा है। कार्यकर्ताओं के अलावा दूसरे लोग भी अपनी समस्याएं लेकर पार्टी दफ्तर पहुंच रहे।












Click it and Unblock the Notifications