सिविल अस्पताल में जाने के लिए नहीं करना पड़ेगा रोड क्रॉस, विज ने 2 करोड़ से बन रहे एस्केलेटर का किया शिलान्यास
Haryana News: अंबाला के सिविल अस्पताल परिसर में जाने के लिए अब लोगों को अम्बाला-साहा रोड को क्रॉस करने की जरुरत नहीं पड़ेगी। क्योंकि, लोग अब एस्केलेटर ओवरब्रिज के जरिए सिविल अस्पताल की ओपीडी तक सीधे पहुंच सकेंगे। यह बात हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने अंबाला-साहा रोड के साथ सिविल अस्पताल परिसर में पूजा-अर्चना और फुट एस्केलेटर ओवरब्रिज का शिलान्यास करने के बाद कही।
इस दौरान हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा अंबाला के सिविल अस्पताल परिसर में फुट एस्केलेटर ओवरब्रिज हरियाणा की किसी सड़क पर लगने वाला शायद पहला एस्केलेटर होगा। इतना ही नहीं, यह फुट एस्केलेटर ओवरब्रिज दो करोड रूपए की लागत से बनाया जाएगा। कहा कि सिविल अस्पताल में रोजाना तीन हजार से अधिक की ओपीडी है और अंबाला-साहा रोड पर बढ़ते ट्रेफिक को देखते हुए यहां फुट एस्केलेटर ओवरब्रिज मंजूर करवाया गया।

अनिल विज ने कहा कि लोग बिना रोड पर जाए हिल रोड से सीधा पुल पर चढ़कर सिविल अस्पताल में आ-जा सकेंगे। पुल पर चढ़ने के लिए यहां एस्केलेटर लगेंगे, जिससे अस्पताल में आने वाले लोगों को लाभ मिलेगा। एस्केलेटर लगाने के लिए छह माह का प्रावधान है, मगर उन्होंने हाईवे अथॉरिटी अधिकारियों से यहां दिन-रात कार्य कराते हुए परियोजना को तीन माह में पूरा करने के निर्देश दिए है। यह कार्य पूरा होने पर सिविल अस्पताल के समक्ष कट को बंद कर दिया जाएगा।
गृह मंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत शिलान्यास किया और सभी को इस अवसर पर बधाई भी दी। इस मौके पर अनिल विज ने पूर्व की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले लोगों को मूर्ख बनाकर वाहवाही लूटने का काम किया जाता था। अम्बाला-साहा मार्ग को मंजूर करवाने के झूठे होर्डिंग लगाकर लोगों को मूर्ख बनाया गया। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि जब हम सत्ता में आए तो हमने देखा कि इस परियोजना से संबंधित फाईल में कोई कागज तक नहीं था।
उन्होंने सबसे पहले अंबाला-साहा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करवाया। केंद्रीय सड़क परिवहन केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर इस परियोजना को मंजूर करवाया। आज अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से साहा तक की नई सड़क तैयार है जिस पर बेहतरीन लाईटें एवं तिरंगा लाईट लगाई गई हैं। कहा कि बरसातें समाप्त हो गई है और सड़कों का कार्य बीती रात से शुरू करवा दिया गया है।
नगर परिषद व पीडब्ल्यूडी द्वारा आज तक के इतिहास में 110 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से कुल 277 सड़कें बनाई जा रही है जिसका कार्य बीती रात से शुरू हो चुका है। अंबाला के इतिहास में इतनी सड़कें पहले कभी नहीं बनी। यह कार्य पहले ही मंजूर हो चुके हैं। इसके साथ-साथ मार्किटिंग बोर्ड द्वारा भी अलग से सड़कें बनाई जा रही हैं। उनके कार्यकाल में आज अंबाला छावनी में इतनी तरक्की हुई है जितनी पहले कभी नहीं हुई।
अनिल विज कहा कि अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल के हार्ट सेंटर में अब तक 13 हजार मरीजों को स्टंट डाले जा चुके हैं। यह सेंटर अब एक व्यस्त अस्पताल हो गया है और दिनभर हजारों मरीज यहां आ रहे हैं। वह चाहते हैं कि अंबाला छावनी का सिविल अस्पताल देश का पहला ऐसा सिविल अस्पताल बने, जहां पर हार्ट सर्जरी हो सके और वह यह देखना चाहते हैं। यहां पैट स्कैन व हार्ट सर्जरी का भवन बने, इसके लिए कार्यवाही जारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications