आंध्र प्रदेश: रोक दिया गया स्टील प्लांट का निजीकरण, बीजेपी सांसद नरसिम्हा राव का बड़ा बयान
बीजेपी सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने स्टील प्लांट के निजीकरण को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि स्टील प्लांट का निजीकरण रोक दिया गया है।
उन्होंने कहा कि विशाखापत्तनम स्टील प्लांट (वीएसपी) की कॉर्पोरेट इकाई राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) की रणनीतिक विनिवेश प्रक्रिया रोक दी गई है। जीवीएल नरसिम्हा राव ने मीडिया से बात करते हुए यह स्पष्ट जानकारी दी है।

नरसिम्हा राव ने जोर देते हुए कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता इस बात पर है कि आरआईएनएल को कैसे पटरी पर लाया जाए। जिससे इसे लाभदायक यूनिट बनाया जा सके। यही कारण है कि स्टील प्लांट के निजीकरण के निर्णय को रोक दिया गया है। इसके आगे उन्होंने कहा कि मैं इस्पात संयंत्र को निजीकरण से बचाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलूंगा।
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लौह अयस्क की कमी इसका प्रमुख कारण है। लेकिन जिम्मेदार मोदी सरकार को ठहराया जा रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आरआईएनएल अपनी 7.3 मिलियन टन की पूरी क्षमता के मुकाबले, तीसरे ब्लास्ट फर्नेस के बंद होने के कारण 5 मिलियन टन का ही उत्पादन कर रहा है। पिछली कांग्रेस सरकारों ने आरआईएनएल को लौह अयस्क खदानें आवंटित करने की कभी भी परवाह नहीं की।
उन्होंने कहा कि इस वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। कांग्रेस सरकार ने इस तरफ अगर ध्यान दिया होता तो यह दिन देखने को नहीं मिलता। लेकिन आलोचना मोदी सरकार की हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications