सुखबीर बादल का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- जो गुटका साहिब की झूठी कसम खा सकते हैं, उस पर विश्वास नहीं
चंडीगढ़, 29 नवंबर: सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के चुनावों से पहले अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल दरबार साहिब पहुंचे। अकाल तख्त साहिब के पास बने शहीद बाबा गुरख्श सिंह गुरुद्वारा साहिब में उन्होंने अकाली दल के उम्मीदवारों के साथ माथा टेका और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में अच्छे परिणामों की अरदास की।

गौरतलब है कि SGPC प्रधान पद के लिए चुनाव प्रक्रिया जल्द शुरु होने वाली है। कहा जा रहा है कि सुखबीर बादल ने प्रधान पद के लिए अपना निर्णय एक बंद लिफाफे में दे दिया है, इसे तेजा सिंह समुंद्री हाल में आयोजित इजलास में बताया जाएगा।
इस दौरान सुखबीर बादल ने कांग्रेस सरकार को झूठा बताते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो सरकार गुटका साहिब की झूठी कसम खा सकती है, उस पर कभी विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने कच्चे व ठेका आधारित काम करने वाले कर्मचारियों को कुछ समय इंतजार करने और अकाली दल को सपोर्ट करने की अपील की। सुखबीर ने कहा कि अकाली दल हमेशा ही अपनी कही बात को पूरा करता आया है, लेकिन कांग्रेस ने अकाली दल की सभी योजनाओं को बंद कर दिया। जो वादे अब चन्नी सरकार कर रही है, वे कभी पूरे नहीं हो सकते।
केजरीवाल अपने वादे पहले दिल्ली में लागू करें
सुखबीर ने इस दौरान आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने केजरीवाल को पंजाब में कोई भी बयान देने से पहले उसे दिल्ली में लागू करने की बात कही। सुखबीर ने कहा कि केजरीवाल झूठे वादे कर रहे हैं।
किसानों पर दर्ज केस वापस लेने की अपील
सुखबीर ने किसान अंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज सभी केसों को वापस लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह केंद्र से किसानों पर दर्ज केसों को रद्द करने की मांग करते हैं। इसके साथ ही केंद्र को जल्द ही MSP बिल को पास करने के लिए भी कहा, ताकि किसान मांगें माने जाने के बाद वापस आ सकें।












Click it and Unblock the Notifications