सिरसा में AAP पहुंची डिप्टी सीएम आवास, वर्करों ने मांगी 30 हजार की इनामी राशि

हरियाणा के सिरसा में कृषि मंत्री की भ्रष्टाचारियों को पकड़वाने पर 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा सरकार के गले की फांस बन गई। शनिवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से 30 हजार रुपए की इनामी राशि लेने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के वर्कर उसके आवास पर जा पहुंचे।
पुलिस ने बीच रास्ते रोका
DSP साधुराम ने बैरिकेड्स लगाकर कार्यकर्ताओं को बरनाला रोड पर रोक लिया। आप जिलाध्यक्ष वीरेंद्र एडवोकेट ने कहा कि सरकार की घोषणा के अनुसार हमने तीन घोटाले उजागर किए है। इसलिए हम अपनी इनामी राशि लेने के लिए डिप्टी सीएम के आवास पर आए है।
घोषणा पर DSP के सवाल
DSP साधुराम ने कहा कि यह घोषणा जेपी दलाल की है या सरकार की। आप वर्करों ने कहा कि यह सरकार की घोषणा है। हमें पैसे दिलवा दो, हम वापस चले जाओ। DSP ने कहा कि हम तो ज्ञापन दिलवा सकते हैं। आप नेताओं ने कहा कि 30 हजार रुपए हम अपनी पार्टी के फंड में जमा करवाएंगे।
एक सप्ताह का मांगा समय
DSP साधुराम ने कहा कि हमें एक सप्ताह दो, हम सरकार के पास आपका मांग पत्र भेजेंगे, इस प्रकिया में समय लगेगा। इसलिए सरकार को समय चाहिए होगा। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। आप नेता वीरेंद्र एडवोकेट ने कहा कि हमने तीनों मामलों में स्टिंग करके वीडियो सरकार को सौंपे हैं। परंतु सरकार ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। आप वर्करों ने कहा कि भ्रष्टाचारियों ने जो पैसा खाया है वह सिरसा की जनता का पैसा है। इसे हम छोड़ेंगे नहीं।
कृषि मंत्री ने की थी घोषणा, आप ने घेरा
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने सिरसा में रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पकड़वाने पर इनाम राशि 10 हजार रुपए देने की घोषणा की। यह घोषणा होते ही आम आदमी पार्टी ने सरकार को घेर लिया। आप ने आज डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से 30 हजार रुपए की इनामी राशि वसूलने के लिए घर का घेराव करने की घोषणा कर दी है।
प्रशासन ने दबाए ये तीन मामले
आप के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र का कहना है कि पार्टी द्वारा तीन बड़े भ्रष्टाचार के मामले सबूतों के साथ सरकार को सौंपे हैं, जिन्हें प्रशासन ने दबा रखा है। टाउन प्लानिंग द्वारा 50 हजार रुपए रिश्वत ऑडियो स्टिंग मामला, फर्जी फर्मों से नप अधिकारियों की मिलीभगत, नगर परिषद का डस्टबिन घोटाला। इसलिए तीन घोटालों की 30 हजार रुपए की इनामी राशि डिप्टी सीएम से वसूलने के लिए आप पार्टी उनके आवास का घेराव करने गई थी।












Click it and Unblock the Notifications