प्रवेश वर्मा के वीडियो पर AAP नेता संजय सिंह ने किया पलटवार
भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (आप) बीच अब 'वीडियो वार' छिड़ती दिख रही है। 'आप' के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद प्रवेश वर्मा का एक पुराना वीडियो दिखाते हुए भाजपा को जमकर घेरा। इस वीडियो में एक सभा के दौरान भाजपा सांसद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिख हैं। संजय सिंह ने कहा कि औरों पर उंगली उठाने से पहले भाजपा नेताओं और उसके आईटी सेल को पहले अपने गिरेबां में झांक लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि औरों के वीडियो दिखाने से पहले भाजपा नेताओं को पहले अपने नेताओं के वीडियो भी देख लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नेताओं में जरा भी नैतिक साहस है तो इस वीडियो को ट्वीट करके दिखाएं और इस पर अपनी राय भी बतानी चाहिए। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के तीन बार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भाजपा सांसद की ऐसी शर्मनाक भाषा बेहद निंदनीय है।
उन्होंने इसे गुजरात चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा गुजरात में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के बढ़ते कद से डर कर ओच्छी हरकतों पर उतर आई है। अगर भाजपा नेताओं ने ये वीडियो ट्वीट करने का खेल बंद नहीं किया तो मैं भी इतने वीडियो ट्वीट करूंगा कि भाजपा नेता ट्वीट करना ही भूल जाएंगे। बता दें कि गुजरात में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं।
गौरतलब है कि भाजपा ने सोमवार को गुजरात में 'आप' प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर आड़े हाथ लिया। भाजपा ने इसे भारत और राज्य की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान बताया है।
भाजपा के आईटी सेल हेड अमित मालवीय ने रविवार को ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें गुजरात में 'आप' के गोपाल इटालिया को पीएम मोदी को "नीच आदमी" कहते हुए सुना जा सकता है। यह बताया गया है कि वीडियो 2019 का है और आम चुनाव के दौरान बनाया गया था।
भाजपा मुख्यालय में सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि 'आप' द्वारा प्रधानमंत्री के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है वह 'आप' का पर्दाफाश करता है और दिखाता है कि उनकी मंशा क्या है।












Click it and Unblock the Notifications